पीएम ने ओडिशा में ₹47600 करोड़ के प्रोजेक्ट्स लॉन्च किए, पहाड़पुर में राष्ट्रपति मुर्मू के ससुराल गए

पीएम मोदी ओडिशा में BJP सरकार के दो साल पूरे होने पर आयोजित ‘विकास रा धारा, ओडिशा सारा’ कार्यक्रम में शामिल हुए। राज्य के मयूरभंज जिले के रायरंगपुर में उन्होंने करीब ₹47 हजार करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी मौजूद रहे। राष्ट्रपति मुर्मू का आज 68वां जन्मदिन है। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति के जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने सिर्फ मयूरभंज ही नहीं, बल्कि पूरे ओडिशा की पहचान को मजबूत किया है। PM मोदी ने राष्ट्रपति मुर्मू के ससुराल गांव पहाड़पुर को ‘सोलर विलेज’ के रूप में विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गांव के हर घर तक सौर ऊर्जा पहुंचाई जाएगी और पहाड़पुर की पहचान कोणार्क सूर्य मंदिर की तरह एक नए मॉडल गांव के रूप में बनाई जाएगी। पीएम राष्ट्रपति मुर्मू के साथ उनके ससुराल पहाड़पुर भी गए। राष्ट्रपति के साथ पीएम पहाड़पुर स्थित स्किल ट्रेनिंग हब गए। वहां छात्राओं से बात की। पीएम ने संथाल समुदाय के पवित्र स्थल संथाली जाहेरा और हो जाहेरा में पूजा-अर्चना भी की।

पीएम मोदी ने कहा कि रथयात्रा और अन्य पर्वों के बीच ओडिशा में लोकतंत्र और विकास का भी उत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने राज्य की BJP सरकार के दो साल पूरे होने पर बधाई दी। मोदी ने कहा कि ओडिशा की बेटी द्रौपदी मुर्मू आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर हैं। उन्होंने पूरे ओडिशा और मयूरभंज की पहचान को मजबूत किया है। मैं उनके साथ पहाड़पुर गया। मैंने वहां बच्चों के चेहरे की चमक देखी। राष्ट्रपति जी को देखकर बच्चों को लग रहा था जैसे उनकी मां आई हैं। मोदी ने कहा कि 2036 में ओडिशा के गठन के 100 साल और 2047 में आजादी के 100 साल पूरे होंगे। ओडिशा के विकास को विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ते हुए उन्होंने कहा, “ओडिशा आगे बढ़ेगा, तभी देश भी आगे बढ़ेगा। पीएम मोदी ने कहा कि राज्य सरकार के दो साल पूरे होना और बड़ी संख्या में लोगों का कार्यक्रम में शामिल होना उनके लिए खास है। पीएम ने कहा कि यहां के लोगों का स्नेह और अपनापन उन्हें बार-बार ओडिशा आने के लिए प्रेरित करता है।प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासन में पूर्वी भारत पिछड़ेपन का प्रतीक बना रहा, लेकिन अब यह क्षेत्र विकास और प्रगति का नया प्रवेश द्वार बन रहा है। उन्होंने कहा कि ओडिशा में करीब 20 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं और राज्य तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।

प्रोजेक्ट्स जिनका PM ने उद्घाटन किया

पीएम ने 600 मेगावाट का अपर इंद्रावती पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट और IB थर्मल पावर स्टेशन के स्टेज-II विस्तार की आधारशिला रखी। इस विस्तार में 660-660 मेगावाट की दो नई यूनिट लगाई जाएंगी।
उन्होंने झारसुगुड़ा के लखनपुर में भारत कोल गैसीफिकेशन एंड केमिकल्स लिमिटेड (BCGCL) प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया। वहीं, भुवनेश्वर में 300 टन क्षमता वाले कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट और काठाजोड़ी नदी पुल का उद्घाटन किया गया।
प्रधानमंत्री ने बौध में ढालपुर-हरभंगा सड़क चौड़ीकरण, NH-353 के नुआपाड़ा-घाटीपाड़ा फोरलेन प्रोजेक्ट और कुसुमडीही मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना का भी शुभारंभ किया।
इसके अलावा IGNOU के रीजनल सेंटर, रायरंगपुर में इनडोर बैडमिंटन कॉम्प्लेक्स, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और आदिवासी अनुसंधान केंद्र की आधारशिला रखी गई।
रेलवे क्षेत्र में 732 करोड़ रुपए से अधिक लागत वाले दो मल्टी-ट्रैकिंग प्रोजेक्ट देश को समर्पित किए गए। इनमें हिंडोल रोड-मेरामांडली मल्टी-ट्रैकिंग प्रोजेक्ट भी शामिल है, जिसे 409 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया है।
प्रधानमंत्री ने बौध में 300 बिस्तरों वाले अस्पताल भवन, विभिन्न जिलों में 24 अटल बस स्टैंड और 9 ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशनों का भी उद्घाटन किया। साथ ही NH-57 पर नयागढ़ बाईपास और कुसुमी स्मार्ट सिंचाई परियोजना की भूमिगत पाइपलाइन जैसी परियोजनाओं का उद्घाटन किया।