प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 दिन के दौरे पर फ्रांस पहुंच गए हैं। यहां पेरिस के जिस होटल वो ठहरेंगे, उसके बाहर भारतीय मूल के लोगों ने भारत माता की जय के नारों के साथ PM मोदी का स्वागत किया। इससे पहले शाम करीब 4 बजे प्रधानमंत्री एलिजाबेथ बॉर्न ने मोदी को एयरपोर्ट पर रिसीव किया। यहां रेड कार्पेट बिछाकर उनका स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
PM मोदी को फ्रांस के नेशनल डे यानी बैस्टिल डे पर बतौर चीफ गेस्ट इनवाइट किया गया है। दूसरी तरफ, डिफेंस काउंसिल ने भारतीय नौसेना के लिए 26 राफेल-M लड़ाकू विमान खरीदने के प्रपोजल को मंजूरी दे दी है। इसके अलावा नेवी 3 स्कॉर्पीन क्लास सबमरीन भी खरीदेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आधिकारिक दो दिवसीय यात्रा के लिए पेरिस (फ्रांस) पहुंचे।pic.twitter.com/Uqg8LnSBgi
— Panchjanya (@epanchjanya) July 13, 2023
भारत-फ्रांस की स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप के 25 साल पूरे
PM मोदी का ये दौरा ऐसे वक्त पर हो रहा है, जब भारत-फ्रांस की स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप को 25 साल पूरे हो गए हैं। मोदी से पहले 2009 में मनमोहन सिंह भारत के पहले ऐसे प्रधानमंत्री बने थे, जिन्हें बैस्टिल डे में चीफ गेस्ट के तौर पर न्योता मिला था।
अब तक 5 बार फ्रांस गए PM मोदी
इससे पहले PM मोदी अब तक 5 बार फ्रांस जा चुके हैं। उनका पहला दौरा 9-12 अप्रैल 2015 में हुआ था, जो एक ऑफिशियल विजिट थी। इसके बाद 1 दिसंबर 2015 को PM मोदी पेरिस में विश्व जलवायु परिवर्तन सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे थे। तीसरी बार 2-3 जून 2017 को भी PM फ्रांस पहुंचे थे, जहां उनकी राष्ट्रपति मैक्रों से पहली मुलाकात हुई थी।
इसके बाद 22-23 अगस्त, 2019 को भी PM मोदी ऑफिशियल टूर के तहत फ्रांस गए थे। 4 मई 2022 को PM मोदी ने फ्रांस का अपना पांचवां दौरा किया था।