पीएम मोदी का दोपहर 2 बजे लोकसभा में संबोधन, मिडिल ईस्ट के ताजा हालात पर बात रखेंगे
अमेरिका-इजराइल की ईरान की जंग से पश्चिम एशिया में बिगड़े हालात का भारत पर भी असर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार दोपहर 2 बजे लोकसभा में इस संघर्ष पर सदन को संबोधित करेंगे। रविवर को ही पीएम की अध्यक्षता में संघर्ष के हालात पर कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की बैठक हुई थी। 3.30 घंटे चली बैठक में उन्होंने साफ कहा है कि देश में जमाखोरी-कालाबाजारी कतई बर्दाश्त नहीं होगी। 28 जनवरी जंग शुरू हुई है। इसके बाद से ही विपक्ष लगातार इस मुद्दे पर बहस की मांग करता आ रहा है। विपक्ष का दावा है कि देश में गैस, तेल और एनर्जी की कमी है, लेकिन केंद्र सरकार का कहना है कि सब ठीक है। आज केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण कॉर्पोरेट कानून (संशोधन) विधेयक, 2026 पेश करेंगी। इसके जरिए लिमिटेड लायबिलिटी पार्टनरशिप एक्ट 2008 और कंपनी एक्ट 2013 में और संशोधन किए जाएंगे।
इधर, सत्र की पिछली कार्रवाई के दौरान लोकसभा में विभिन्न मंत्रालयों की अनुदान मांगों को पारित कर दिया गया। इसके लिए गिलोटिन प्रक्रिया लागू की गई। इसके तहत बिना चर्चा या बहस के मांगों को पारित कर दिया जाता है।
अप्रैल 2026 से जुलाई 2026 के बीच राज्यसभा से रिटायर हो रहे 59 सांसदों को विदाई दी गई। इनमें पूर्व पीएम एचडी देवगौड़ा, शरद पवार, सभापति हरिवंश, आरपीआई नेता रामदास आठवले शामिल हैं। हालांकि पवार और आठवले राज्यसभा के लिए फिर चुन लिए गए।
