‘कांग्रेस हार की सेंचुरी मारने वाली है…’, असम में बोले PM मोदी, राज्य को दी 47,600 करोड़ की सौगात

बीजेपी असम विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुट गई है. इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम दौरे पर हैं. यहां उन्होंने कई नई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया. सिलचर में जनता को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा. पीएम मोदी ने असम को 47,600 करोड़ से ज्यादा की विकास परियोजनाओं की सौगात देने पहुंचे. उन्होंने सिलचर में भूमि पूजन करते हुए लगभग 24 हजार करोड़ रुपये की कई परियोजनाओं की नींव रखी. इनमें नॉर्थ-ईस्ट के पहले ग्रीनफील्ड 4-लेन हाई-स्पीड शिलॉन्ग-सिलचर कॉरिडोर और ‘असम माला 3.0’ परियोजना शामिल हैं.

पीएम मोदी ने करीब 24 हजार करोड़ की परियोजना की सौगात का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर जमकर वार किया. उन्होंने कहा- ‘आज करीब 24 हजार करोड़ रुपए के शिलॉन्ग-सिलचर कॉरिडोर का भूमि पूजन हुआ है. कांग्रेस वालों को कागज-कलम देना और उनसे कहना कि जरा कागज 24 हजार करोड़ लिखो तो. उन्हें लिखना नहीं आएगा कि 24 हजार करोड़ में कितने जीरो होते हैं.’

प्रधानमंत्री ने आगे कहा, ‘कांग्रेस वालों के दिमाग का ताला जहां बदं हो जाता है, वहां हमारा काम शुरू होता है.’

पीएम मोदी असम में पीएम-किसान योजना की 22वीं किस्त भी जारी करेंगे जिसके तहत 9.3 करोड़ किसानों को लाभ मिलेगा. पीएम मोदी कोपिली जलविद्युत परियोजना और उत्तर-पूर्व गैस ग्रिड (चरण-1) का उद्घाटन भी करेंगे. रेलवे के क्षेत्र में तीन नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई जाएगी.

इसके अलावा गुवाहाटी में ‘पीएम एकता मॉल’ का उद्घाटन होगा, जो स्थानीय हस्तशिल्प और ‘एक जिला एक उत्पाद’ (ODOP) को बढ़ावा देगा.