PM मोदी की बड़ी बैठक आज, CM साय भी जुड़ेंगे, ईरान संकट पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होगी चर्चा
अंतरराष्ट्रीय हालात के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (27 मार्च) देश के मुख्यमंत्रियों के साथ अहम बैठक करने जा रहे हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होने वाली इस मीटिंग में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी वर्चुअली शामिल होंगे। ईरान युद्ध के बाद वैश्विक स्तर पर बने तनाव और उसके भारत पर संभावित असर को देखते हुए यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। खासतौर पर पेट्रोल-डीजल सप्लाई, महंगाई, लॉजिस्टिक चेन और जरूरी सेवाओं को लेकर केंद्र और राज्यों के बीच तालमेल पर चर्चा होने की संभावना है। इस बैठक में देशभर के गैर-चुनावी राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। प्रधानमंत्री पहले ही संसद में संकेत दे चुके हैं कि अगर ईरान युद्ध लंबा खिंचता है तो इसके गंभीर असर हो सकते हैं। ऐसे में केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर रहेगा।
छत्तीसगढ़ के लिए यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि राज्य सरकार को संभावित असर जैसे ईंधन सप्लाई, महंगाई और लॉजिस्टिक व्यवस्थाको लेकर तैयार रहना होगा। मुख्यमंत्री साय इस बैठक में राज्य की स्थिति और तैयारियों को भी साझा कर सकते हैं।
बैठक से पहले ही मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि छत्तीसगढ़ में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। उन्होंने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और पैनिक बुकिंग न करने की अपील की है। साथ ही अधिकारियों को सप्लाई व्यवस्था सामान्य बनाए रखने और कालाबाजारी पर सख्ती के निर्देश दिए गए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी पहले ही कह चुके हैं कि आने वाला समय चुनौतीपूर्ण हो सकता है और कोरोना काल जैसी स्थिति से निपटने के लिए केंद्र और राज्यों को मिलकर काम करना होगा। ऐसे में आज की बैठक को उसी दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
