‘हमारा विजन देख जनता ने बहुमत दिया’, बोले PM मोदी, कुछ देर में बीजेपी मुख्यालय जाएंगे

बिहार विधानसभा चुनाव शाम तक की गिनती और बढ़त के आधार पर एनडीए की दमदार वापसी हो रही है। बिहार में एनडीए की रिकॉर्ड जीत की तरफ बढ़ती दिख रही है। चुनाव नतीजों की बढ़त से नीतीश कुमार फिर से सीएम बनना तय माना जा रहा है। बिहार चुनाव में, मुकाबला मुख्य रूप से जनता दल-यूनाइटेड के नेता और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) और राजद के तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले विपक्षी महागठबंधन के बीच थाइस बार प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी (जेएसपी) को भी बड़ा झटका लगता दिख रहा है।

पीएम मोदी ने कहा, मैं एनडीए के प्रत्येक कार्यकर्ता का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अथक परिश्रम किया हैउन्होंने जनता के बीच जाकर हमारे विकास के एजेंडे को सामने रखा और विपक्ष के हर झूठ का मजबूती से जवाब दियामैं उनकी हृदय से सराहना करता हूं!

मोदी ने कहा, आने वाले समय में हम बिहार के विकास, यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्य की संस्कृति को नई पहचान देने के लिए बढ़-चढ़कर काम करेंगे। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि यहां की युवा शक्ति और नारी शक्ति को समृद्ध जीवन के लिए भरपूर अवसर मिले।

प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए ने राज्य का चौतरफा विकास किया है। लोगों ने हमारे ट्रैक रिकॉर्ड और राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के हमारे विजन को देखकर हमें भारी बहुमत दिया है। मैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी और एनडीए परिवार के हमारे सहयोगी चिराग पासवान जी, जीतन राम मांझी जी और उपेंद्र कुशवाहा जी को इस जबरदस्त जीत के लिए हार्दिक बधाई देता हूं।