दिल्ली ब्लास्ट पर भूटान में भावुक हुए PM मोदी, कहा- भारी मन से यहां आया, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
पीएम मोदी ने दिल्ली में हुए ब्लास्ट को लेकर कहा कि इस घटना में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। मोदी 2 दिन के दौरे पर आज ही भूटान पहुंचे हैं। उन्होंने स्पीच देते हुए कहा कि वे यहां पर भारी मन से आए हैं। कल शाम दिल्ली में हुई भयावह घटना से सभी के मन को दुखी कर दिया है। मोदी ने आगे कहा, ‘इस साजिश के पीछे जो भी लोग हैं उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। जो भी जिम्मेदार हैं, उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। हमारी एजेंसियां इस साजिश की तह तक जाएंगी।’
PM मोदी सोमवार को दिल्ली में हुए कार ब्लास्ट को लेकर भावुक हो गए। मोदी ने मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने दोषियों को सजा देने की बात कही। सोमवार शाम 6.52 बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास चलती कार में जोरदार धमाका हुआ। इसमें अब तक 9 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 24 घायल हैं।
दिल्ली पुलिस ने विस्फोट को लेकर UAPA के तहत FIR दर्ज की है। सुरक्षा एजेंसियों ने आत्मघाती हमले के एंगल से भी जांच शुरू कर दी है। भूटान के महामहिम नरेश ने थिम्पू के चांगलिमथांग स्टेडियम में हजारों भूटानी लोगों के साथ दिल्ली विस्फोट के पीड़ितों के लिए प्रार्थना की।
