सऊदी हादसे पर पीएम मोदी ने दुख जताया, ‘पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सऊदी अरब के मदीना में हुए सड़क हादसे में भारतीय नागरिकों की मौत पर गहरा दुख जताया। यह हादसा तब हुआ जब मक्का से मदीना जा रही तीर्थयात्रियों की बस एक डीजल टैंकर से टकरा गई। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस दुर्घटना में कम से कम 42 लोगों की मौत हुई है। बताया जा रहा है कि मरने वालों में ज़्यादातर लोग तेलंगाना से थे

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं घायलों के जल्दी ठीक होने की कामना करता हूं।” जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय बस के अधिकांश यात्री सो रहे थे।

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह हादसा बेहद दुखद है और रियाद स्थित भारतीय दूतावास तथा जेद्दा स्थित वाणिज्य दूतावास प्रभावित भारतीयों और उनके परिवारों की हर संभव मदद कर रहे हैं। उन्होंने शोकग्रस्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

जेद्दा में पीड़ित तीर्थयात्रियों और उनके परिवारों की मदद के लिए 24×7 कंट्रोल रूम बनाया गया है। तेलंगाना सरकार ने भी हैदराबाद में एक हेल्पलाइन शुरू की है, ताकि लोगों को आवश्यक जानकारी और सहायता मिल सके। सरकार ने पीड़ितों के परिवारों की मदद के लिए +91 7997959754, +91 9912919545 नंबर जारी किए हैं। वहीं, जेद्दा में भारतीय दूतावास ने सहायता के लिए एक टोल-फ्री नंबर 8002440003 जारी किया है।