प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस और अमेरिका के दौरे पर रवाना हो गए हैं। PM का यह दौरा 10 से 14 फरवरी तक है। वे आज और कल फ्रांस के दौरे पर रहेंगे। इसके बाद 12 को अमेरिका पहुंचेंगे। वे 13 और 14 फरवरी को अमेरिका का दौरा करेंगे। रवाना होने से पहले PM ने कहा- वे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से मिलने के बहुत उत्साहित हैं। उनके साथ पहले कार्यकाल में काम करने का अच्छा अनुभव हैं।
उन्होंने अपनी यात्रा को भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया। PM ने कहा कि अमेरिका दौरे पर दोनों देशों के बीच साझेदारी को बढ़ावा देना एजेंडे में शामिल होगा। वे आज शाम फ्रांस पहुंचेंगे। यह उनका आठवां फ्रांस दौरा है। तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद वे पहली बार फ्रांस जा रहे हैं। PM आखिरी बार 2023 में फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस (बास्तिल डे) कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। प्रधानमंत्री के सम्मान में फ्रांस सरकार ने 10 फरवरी को मशहूर एलिसी पैलेस में VVIP डिनर का आयोजन किया है। इसमें फ्रेंच प्रेसिडेंट मैक्रों समेत कुछ और देशों के नेता मौजूद होंगे। 11 फरवरी को PM पेरिस के ग्रैंड पैलेस में राष्ट्रपति मैक्रों के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एक्शन समिट 2025 की सह अध्यक्षता करेंगे। यह समिट 2023 में ब्रिटेन और 2024 में साउथ कोरिया में आयोजित हुई थी। समिट में AI के जिम्मेदारी से इस्तेमाल पर चर्चा होगी, ताकि यह लोगों की भलाई के काम आए और इसके खतरे नियंत्रित रहें। इस दौरान ग्लोबल पॉलिटिक्स पर भी बात हो सकती है। PM मोदी फ्रांस के उद्योगपतियों से मुलाकात कर सकते हैं। AI एक्शन समिट में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और चीनी उप प्रधानमंत्री भी शिरकत करेंगे। रॉयटर्स के मुताबिक इस कार्यक्रम में ओपनएआई के CEO सैम ऑल्टमैन भी शामिल हो सकते हैं। गूगल और माइक्रोसॉफ्ट के बड़े अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।
#WATCH | प्रधानमंत्री @narendramodi फ्रांस और अमेरिका की यात्रा पर रवाना हो गए हैं। फ्रांस में वे AI एक्शन समिट 2025 की सह-अध्यक्षता करेंगे और द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा करेंगे। इसके बाद 12-13 फरवरी को अमेरिका दौरे पर रहेंगे।
ख़बर विस्तार से पढ़ने के लिए जुड़ें #PBSHABD के… pic.twitter.com/afuPe4TmiY
— PB-SHABD (@PBSHABD) February 10, 2025
मोदी की इस यात्रा से दोनों देशों के रक्षा संबंधों में मजबूती मिलने की उम्मीद है। दरअसल, इस यात्रा के दौरान भारत और फ्रांस के बीच 26 राफेल मरीन फाइटर जेट और 3 स्कॉर्पियन क्लास सबमरीन की खरीद समेत और कई अहम सौदे को अंतिम रूप दिया जा सकता है।