PM मोदी पहली बार घाना के दौरे पर रवाना, 5 देशों की यात्रा आज से शुरू

PM नरेंद्र मोदी आज बुधवार को 5 देशों की यात्रा पर रवाना हो गए हैं। वे सबसे पहले अफ्रीकी देश घाना जा रहे हैं। यह किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की तीन दशक में पहली घाना यात्रा है। इससे पहले 1957 पंडित नेहरू और 1995 में PM नरसिम्हा राव घाना के दौरे पर पहुंचे थे। घाना में PM मोदी राष्ट्रपति जॉन महामा से मिलेंगे। दोनों नेता द्विपक्षीय व्यापार और रिश्तों पर चर्चा करेंगे। इस दौरान एनर्जी, खेती और डिजिटल तकनीक और वैक्सीन हब डेवलप करने के क्षेत्र में कई समझौते (MoU) साइन होंगे। भारत का UPI और डिजिटल पेमेंट सिस्टम घाना में लाने के बारे में भी बातचीत होगी, ताकि दोनों देशों में डिजिटल लेन-देन आसान हो सके। मोदी और महामा एक साथ जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे। PM मोदी घाना की संसद और वहां रहने वाले भारतीय समुदाय के 15000 लोगों को संबोधित करेंगे। घाना के राष्ट्रपति महामा PM मोदी के सम्मान में स्टेट डिनर भी आयोजित करेंगे।

भारत और घाना अंतरराष्ट्रीय मंचों पर एक-दूसरे के मजबूत समर्थक रहे हैं। दोनों देश गुटनिरपेक्ष आंदोलन (NAM) के सदस्य हैं और संयुक्त राष्ट्र जैसे संगठनों में मिलकर काम करते हैं। घाना ने भारत की संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की स्थायी सदस्यता के दावे का समर्थन किया है। जलवायु परिवर्तन, आतंकवाद और अन्य वैश्विक मुद्दों पर दोनों देश एक-दूसरे के साथ खड़े रहते हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान भारत ने घाना को वैक्सीन और चिकित्सा मदद दी थी। भारत ने घाना को 6 लाख कोविड वैक्सीन दी थी।