पीएम मोदी बोले- पेपर लीक के दोषियों को सजा मिलेगी, इस पर राजनीति न हो
कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP का जंतर-मंतर पर फिर प्रदर्शन शुरू हो गया है। इस बीच NDA संसदीय दल की बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि पेपर लीक मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए। दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी। यह जानकारी संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने दी। उन्होंने बताया कि पीएम ने यह भी विश्वास दिलाया है कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील से किसानों को कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा। उधर, CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा कि सोमवार को संसद मार्च में पुलिस ने बर्बरता की। सोनम वांगचुक ने पुलिस की कार्रवाई देखने के बाद अपना अनशन जारी रखने का फैसला किया है।
दीपके ने कहा, ‘हम संसद मार्च आज इसलिए नहीं निकाल रहे हैं, क्योंकि इस सरकार और पुलिस ने छात्रों का खून बहाया है। इन्हें छात्रों की कोई परवाह नहीं है, लेकिन हमें है।’
CJP के प्रदर्शन पर कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा, ‘सोमवार को सरकार का बेहद क्रूर रवैया देखने को मिला। देशभर से छात्र सिर्फ NEET और CBSE परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन करने आए थे।’
उन्होंने आगे कहा कि हम आज फिर संसद में यह मुद्दा उठाएंगे। हमने पहले ही लाठीचार्ज की निंदा करते हुए स्थगन प्रस्ताव दिया है। साथ ही शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और NEET व CBSE परीक्षा पेपर लीक मामले में स्पष्ट कार्रवाई की मांग की है।’
