PM मोदी बोले- 45 साल बाद कोई भारतीय PM पोलैंड आया, आज का भारत सबके साथ

अंतरराष्ट्रीय

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पोलैंड दौरे पर हैं। बुधवार (21 अगस्त) की शाम साढ़े 5 बजे (भारतीय समय अनुसार) पोलैंड की राजधानी वॉरसॉ पहुंचे। उनका यहां जोरदार स्वागत किया गया। भारतीय समुदाय के लोगों ने PM मोदी के स्वागत में डांडिया की प्रस्तुति दी। इस दौरान पीएम मोदी ने बच्चों से हाथ मिलाया। वॉरसॉ में भारतीयों समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा, ‘आपने यहां इतना शानदार स्वागत किया है। मैं आपका, पोलैंड की जनता का इस स्वागत के लिए बहुत आभारी हूं। बीते एक हफ्ते से भारत के मीडिया में आप ही लोग छाए हुए हैं। 45 साल बाद कोई पीएम पहली बार पोलैंड आया है।’ उन्होंने कहा कि आज का भारत सबके साथ है, सबके हित की सोचता है। हमें गर्व है कि दुनिया भारत को विश्व बंधु के रूप में सम्मान दे रही है। साथियों ये हमारे लिए जियो पॉलिटिक्स नहीं संस्कारों का विषय है। जिनको दुनिया में कहीं जगह नहीं मिली उनको भारत ने अपने दिल और जमीन दोनों में जगह दी है। पोलैंड भारत के इस सनातन भाव का साक्षी रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे जाम साहब को पोलैंड में हर कोई गुड महाराजा के नाम से जानता है। वर्ल्ड वॉर 2 के दौरान जब पोलैंड मुश्किलों से घिरा हुआ था, तब जाम साहब दिग्विजय सिंह जी सामने आए। उन्होंने पोलैंड के बच्चों के लिए विशेष कैंप बनवाया था। जाम साहब दिग्विजय ने कहा था कि जैसे जामनगर के लोग मुझे बापू कहते है, वैसे ही मैं आपका भी बापू हूं। पीएम ने कहा कि कुछ दिन पहले मैं वर्तमान जाम साहब से मिलने गया था। उनके कमरे में पोलैंड की तस्वीर आज भी है। दो दशक पहले जब गुजरात में भीषण भूकंप आया था, तब जामनगर भी उसकी चपेट में था। तब पोलैंड सबसे पहले मदद पहुंचाने वाले देशों में से एक था।