प्रधानमंत्री का रायपुर दौरा.. 1 नवंबर के लिए 6 रूट तय, 100 ई-रिक्शे-बसें निशुल्क लाएंगे, ले जाएंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 नवंबर को छत्तीसगढ़ आ रहे है। वे राजधानी रायपुर में 6 घंटे 45 मिनट तक रहेंगे। इस दौरान 6 अलग-अलग कार्यक्रमों में पीएम शिरकत करेंगे। प्रधानमंत्री जिस रुट से आना जाना करेंगे वहां प्रोटोकॉल के तहत अलग व्यवस्था की गई है। आम नागरिकों की सुविधा के लिए प्रशासन ने छह रूट तय किए हैं। नवा रायपुर तक प्रधानमंत्री के रूट को वन-वे बनाया गया है।
छह रूट इस प्रकार हैं: बलौदाबाजार, बिलासपुर, बेमेतरा, मुंगेली से आने वाले लोग रिंग रोड-3, सेरीखेड़ी, नवा रायपुर होकर पार्किंग पी-15 पहुंचेंगे।
आरंग, खरोरा, महासमुंद, बलौदाबाजार से आने वाले लखौली, नवागांव रेलवे क्रॉसिंग, क्रिकेट स्टेडियम होकर पी-15 तक पहुंचेंगे।
अभनपुर, धमतरी, बालोद, दुर्ग से बस द्वारा आने वाले मोनफोर्ट स्कूल, एचएनएलयू, ट्रिपल आईटी चौक, मुक्तांगन तिराहा होकर पार्किंग पी-12, पी-13, पी-14 पहुंचेंगे।
धमतरी, बालोद, दुर्ग से कार या बाइक से आने वाले अभनपुर, बकतरा, निमोरा होकर पार्किंग पी-11 तक जाएंगे।
दुर्ग, बालोद, खैरागढ़, राजनांदगांव से आने वाले पचपेड़ी नाका, बोरियाकला, माना बस्ती, तूता होकर पार्किंग पी-8, पी-9, पी-10 तक पहुंचेंगे।
गोबरा नवापारा, राजिम, गरियाबंद से आने वाले नवागांव, जंगल सफारी, ट्रिपल आईटी, मुक्तांगन तिराहा होकर पार्किंग पी-12, पी-13, पी-14 तक पहुंचेंगे।
दोपहिया वाहनों की पार्किंग तूता धरना स्थल के पास पी-5, पी-6 और पी-7 में होगी।
राज्योत्सव समारोह के दौरान नवा रायपुर में 16 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। पार्किंग से मेला स्थल तक पहुंचने के लिए 100 ई-रिक्शे और बसें निशुल्क चलेंगी। प्रधानमंत्री का मुख्य कार्यक्रम नवा रायपुर में होगा, जहां अस्थायी पीएमओ कार्यालय बनाया गया है। प्रधानमंत्री वहीं लंच भी करेंगे। कार्यक्रम में लगभग एक लाख लोगों की भीड़ जुटने की संभावना है। 1 नवंबर को भारी वाहनों और बसों की नो-एंट्री रहेगी। एयरपोर्ट से सेक्टर-24, सत्य साईं अस्पताल, विधानसभा भवन और ट्राइबल म्यूजियम तक प्रधानमंत्री का रूट तय किया गया है। एयरपोर्ट का मुख्य द्वार बंद रहेगा और यात्रियों को पुराने टर्मिनल से आवागमन करना होगा।
प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर एसपीजी की टीम रायपुर पहुंच चुकी है। टीम ने पांचों कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया और सुरक्षा में बदलाव किए हैं।
