‘पूरी दुनिया हमारी ट्रेड डील की तारीफ कर रही’, राज्यसभा में बोले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्यसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब दे रहे हैं. पीएम की स्पीच के दौरान विपक्ष वॉकआउट कर गया है. विपक्षी की गैर मौजूदगी में पीएम की स्पीच जारी है. उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के पास न इच्छाशक्ति थी, ना ही विजन. इससे पहले, राज्यसभा में नेता सदन जेपी नड्डा और विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के बीच तीखी तकरार हुई. खड़गे ने राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होते ही एक दिन पहले लोकसभा में हुए घटनाक्रम का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वहां विपक्ष के नेता को बोलने नहीं दिया गया. इस पर नड्डा ने उन्हें बीच में रोकते हुए कहा कि दूसरे सदन की बात यहां नहीं कर सकते. वहीं, लोकसभा में कार्यवाही शुरू होते ही हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी. 12 बजे जब कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, विपक्षी सदस्य फिर से वेल में आ गए. हंगामे के बीच ही स्पीकर ओम बिरला ने धन्यवाद प्रस्ताव को वोटिंग के लिए ले लिया और इसे ध्वनिमत से पारित कर दिया गया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूरोपीय यूनियन से लेकर अमेरिका तक, हाल में हुई ट्रेड डील का जिक्र करते हुए कहा कि पूरी दुनिया हमारी ट्रेड डील की तारीफ कर रही है. विश्व में अस्थिरता को लेकर जो चिंता थी, वह कम हुई है. हमारे युवाओं के लिए दुनिया का बाजार खुल चुका है. उन्होंने कहा कि इस सदन में चर्चा का स्तर थोड़ा और ऊंचा होना चाहिए था. विपक्ष ने मौका गंवा दिया, देश कैसे भरोसा करे. एक सदस्य आर्थिक असमानता की बात कर रहे थे, जो खुद को राजा कहलाने में गर्व करते हैं. टीएमसी के लोग यहां उपदेश दे रहे थे. जो निर्मम सरकार के सारे पैरामीटर पूरी कर रहे हैं. घुसपैठियों को बचाने के लिए अदालतों में ताकत लगा रहे हैं. घुसपैठिए नौजवानों की रोजी-रोटी, आदिवासियों की जमीन छिन रहे हैं. यहां आकर वे हमें उपदेश दे रहे हैं. एक हमारे सदस्य काफी कुछ बोल रहे थे. जिनकी पूरी सरकार शराब में डूब गई, वह काफी कुछ बोल रहे थे. ऐसे सभी साथियों से ये जरूर कहूंगा कि तुम कितना दुनिया को धोखा दोगे, आईना देख लिया तो अपनी सच्चाई कहां छिपाओगे. कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके, लेफ्ट… ये दशकों से केंद्र में सत्ता में रहे, सत्ता में भागीदार रहे. राज्यों में भी सरकारें चलाने का अवसर मिला. अब डील की चर्चा होती है, नागरिकों के जीवन में बदलाव आ रहा है. इनकी प्राथमिकता अपनी जेबें भरने की रही.
पीएम मोदी ने कहा कि कोविड के बाद आज वर्ल्ड ऑर्डर बदल रहा है. दुनिया भारत की ओर उम्मीद और भरोसे के साथ देख रही है. दुनिया का झुकाव आज भारत की तरफ है. भारत ग्लोबल साउथ की बुलंद आवाज बना है. उन्होंने कहा कि गुजरात का मुख्यमंत्री था, तब भी वाइब्रेंट गुजरात समिट के जरिये इच्छाशक्ति दिखाई थी, जापान हमारा पार्टनर था. आज देश सामर्थ्य दिखा रहा है. उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले वोटबैंक की राजनीति होती रही. प्रधानमंत्रियों की लाल किले की प्राचीर से भाषण का विश्वलेषण कर लें, समझ आ जाएगा कि उनके पास विजन नहीं था. पीएम ने कहा कि उनकी गलतियों को ठीक करने में हमारी ज्यादातर ताकत लग रही है. आज भारत विश्व के साथ स्पर्धा करने के लिए पूरी तरह तैयार है. आज दुनिया हमारे उद्यमियों को समानता की दृष्टि से देख रही है. एमएसएमई का नेटवर्क जितना सामर्थ्यवान होता है, आज इस पर दुनिया का भरोसा बढ़ रहा है.
