पीएम मोदी ने युवाओं से हैंडलूम-डे मनाने की अपील की, कहा- फ्रेंडशिप डे जैसा उत्साह दिखाएं
पीएम मोदी ने गुरुवार रात इंस्टाग्राम पर देश के युवाओं से हैंडलूम डे पर भारत के हैंडीक्राफ्ट को बढ़ावा देने की अपील की। पीएम ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वे हैंडलूम डे के बारे में बताते नजर आए। साथ ही उन्होंने यूथ इस दिन को GRWM ट्रेंड यानी गेट रेडी विद मी वीडियो के साथ सेलिब्रेट करने कहा। पीएम मोदी वीडियो में कह रहे हैं- ‘साथियों, 7 अगस्त 1905 का दिन हमें भूलना नहीं है। इस दिन देश की आजादी के लिए स्वदेशी आंदोलन का प्रारंभ हुआ था। अंग्रेजों के खिलाफ देशवासियों ने बहुत बड़ी लड़ाई लड़ी थी। जन-जन जुड़ गया था। अभी पिछले सप्ताह आप सभी ने फ्रेंडशिप डे मनाया।’
पीएम ने कहा- ‘मैं आग्रह करता हूं, 7 अगस्त हैंडलूम डे होता है। हमें उत्साह और उमंग के साथ हैंडलूम डे मनाना है। हैंडलूम डे मनाने का मतलब है कि हर गरीब बुनकर परिवार, जो अपने हाथों से कपड़े बनाते हैं। घरों में लूम पर काम करते हैं। उनके काम को बढ़ावा देना।’
GRWM का मतलब है “गेट रेडी विद मी”, दरअसल यह जेन Z के बीच इस्तेमाल होने वाली लैंग्वेज का शब्द है। GRWM सोशल मीडिया, खासकर इंस्टाग्राम रील्स, यू-ट्यूब शॉर्ट्स में इस्तेमाल होने वाला वीडियो फॉर्मेट है। इसमें कोई व्यक्ति कपड़े-मेकअप, एक्सेसरीज के साथ तैयार होते हुए वीडियो बनाता है, और उसके बारे में बात भी करता है।
पीएम मोदी ने अपने वीडियो में भी कहा कि वे हैंडलूम कपड़े पहनकर अपना एक GRWM वीडियो बनाएं और सोशल मीडिया पर शेयर करें।
वीडियो में पीएम कह रहे हैं- ‘आप भी हैंडलूम की इस वैरायटी के साथ GRWM वीडियो बनाकर दुनिया के सामने अपनी बात रख सकते हैं। हैंडलूम खरीदने के लिए लोगों को प्रेरित कर सकते हैं। हमारा काम आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए इन छोटे-छोटे गरीब परिवारों को भी आर्थिक रूप से समृद्ध करना है।’
मोदी ने के अपील की- ‘आइए हम स्वयं हैंडलूम से कुछ न कुछ खरीदें। उसका एक वीडियो बनाएं और देश-दुनिया में उस वीडियो को प्रचारित करें। ताकि हमारे बुनकर परिवारों के सामर्थ्य का परिचय दुनिया को भी हो। आइए 7 अगस्त हैंडलूम डे मनाएं।’
