पोलैंड : जब सड़कों पर प्रोटेस्ट करने उतर आए कई रोबोट्स, क्या है इनकी मांग?
पोलैंड की राजधानी वारसॉ में सोमवार को एक अनोखा नजारा देखने को मिला। यहां करीब 30 रोबोट्स सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। ये रोबोट्स मानव जैसी आकृति वाले (ह्यूमनॉइड) और कुत्ते जैसे चार पैरों वाले (क्वाड्रूपेड) थे। इन रोबोट्स ने डिजिटल मामलों के मंत्रालय के सामने झंडे लहराए, नारे लगाए।
यह प्रदर्शन ‘डेमोक्रेटिज्म’ ने आयोजित किया था। इसका उद्देश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और रोबोटाइजेशन का श्रम बाजार पर पड़ने वाले असर पर ध्यान दिलाना था। लाउडस्पीकर से ‘रोजगार बचाओ, ‘नियमों का समय आ गया’ और ‘इंतजार मत करो, रेगुलेट करो’ जैसे नारे लगाए जा रहे थे।
प्रदर्शन के आयोजक ग्रेजेज कुलिश ने बताया कि उनका मकसद मानव रोबोट्स और AI के चलते लोगों की नौकरी जाने पर सबका ध्यान दिलाना था।
उन्होंने कहा, ‘अगर हम अभी प्रतिक्रिया नहीं देते, तो जल्द ही समस्या हो सकती है। हमें ऐसे नियम चाहिए जो कर्मचारियों की सुरक्षा तय कर सके।’
प्रदर्शन स्थल पर पोलैंड के डिजिटल मामलों के मंत्री क्रिज़्स्तॉफ गावकोव्स्की भी पहुंचे और आयोजकों से बात की। ये सभी रोबोट्स, डेल्टा रोबोट्स कंपनी ने उपलब्ध कराए थे।
