‘धुरंधर’ एक्ट्रेस आयशा खान को पुलिस ने पकड़ा, खींचकर वैन में बिठाया
फिल्म ‘धुरंधर’ की एक्ट्रेस आयशा खान को मुंबई पुलिस ने हिरासत में ले लिया। आयशा का दावा है कि वे सड़क पर शांति से खड़ी थीं और उन्होंने कोई प्रदर्शन नहीं किया था। इंस्टाग्राम स्टोरी पर कई वीडियो शेयर कर आयशा ने बताया कि वे पुलिस वैन में हैं और उनके हाथ कांप रहे हैं। आयशा के मुताबिक, पुलिस ने पहले उनके भाई और दोस्तों को हिरासत में लिया था, जिसके बाद वे सड़क पर खड़ी थीं। मुंबई पुलिस की ओर से इस पूरे मामले पर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
आयशा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई वीडियो शेयर कर पूरी घटना की जानकारी दी। एक वीडियो में उन्होंने कहा, “इस वक्त मेरे हाथ कांप रहे हैं। मुझे सिर्फ सड़क पर शांति से खड़े रहने की वजह से पुलिस वैन में बिठा लिया गया। मैंने तो कोई प्रोटेस्ट शुरू भी नहीं किया था। मेरे भाई और दोस्तों को पुलिस ने हिरासत में लिया था, इसलिए मैं सिर्फ सड़क पर खड़ी थी।” आयशा ने सवाल उठाया कि जब उन्होंने कोई हंगामा या बातचीत भी नहीं की, तो उन्हें किस आधार पर पकड़ा गया।
आयशा ख़ान का दावा ‘स्टूडेंट्स के समर्थन में पहुंचीं, पुलिस ने डिटेन किया’
एक्ट्रेस आयशा ख़ान ने दावा किया है कि नीट मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे स्टूडेंट्स के समर्थन में पहुंचने के दौरान मुंबई पुलिस ने उन्हें डिटेन कर लिया. आयशा खान ने सोशल मीडिया के जरिए यह दावा किया.#cjpprotest… pic.twitter.com/Smpn9TS6OF
— zingabad (@zingabad) July 22, 2026
आयशा ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन पर ट्रैफिक बाधित करने का आरोप भी नहीं लग सकता, क्योंकि वे पांच लोगों के ग्रुप का हिस्सा भी नहीं थीं। उन्होंने एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें चार महिला पुलिसकर्मी उन्हें खींचकर वैन के अंदर ले जाती दिख रही हैं। इस वीडियो के कैप्शन में आयशा ने लिखा, “मुझे अंदर खींचने के लिए चार महिला पुलिसकर्मियों को लगना पड़ा। लेकिन मेरा सवाल वही है कि आखिर क्यों?” आयशा ने बताया कि जब उन्होंने पुलिस अधिकारियों से पूछा कि उन्हें कहां ले जाया जा रहा है, तो कोई जवाब नहीं दिया गया।
आयशा की ओर से शेयर किए गए वीडियो में पुलिस वैन में बैठे कुछ अन्य छात्र भी नजर आ रहे हैं। वैन में मौजूद एक छात्र ने कहा कि उसे बिना किसी वजह के पकड़ा गया है। छात्र ने चिंता जताते हुए कहा कि उसका मैथ्स का प्रैक्टिकल एग्जाम है और अगर वह छूट गया तो उसके लिए बड़ी समस्या खड़ी हो जाएगी। आयशा ने इन वीडियो के जरिए छात्रों के साथ हुई इस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए।
