बांग्लादेशी क्रिकेटर को पुलिस ने सड़क पर पीटा, गला पकड़कर गाड़ी में बैठाया, एयरपोर्ट से घर जा रहे थे नईम हसन

बांग्लादेश टेस्ट टीम के स्पिनर नईम हसन ने चटगांव पुलिस पर मारपीट और गाली देने के आरोप लगाए हैं। नईम का दावा है कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें गला पकड़कर गाड़ी में बैठाया और फिर डंटे से पीटा। 26 साल के क्रिकेटर ने कहा- मैंने अधिकारियों को अपने नेशनल क्रिकेटर होने की बात भी बताई, लेकिन वे नहीं रुके। नईम ढाका प्रीमियर लीग में प्राइम बैंक क्रिकेट क्लब के लिए अपना आखिरी मैच खेलने के बाद 12 जून की रात फ्लाइट से चटगांव पहुंचे थे। वे रात 11:25 बजे CNG ऑटो से घर लौट रहे थे, तब लंकन बाजार फ्लाईओवर के नीचे पुलिस ने उनका वाहन रोक लिया और मारपीट की। ढाका ट्रिब्यून के अनुसार तीन अधिकारियों को हटा दिया गया है। नईम जिम्बाब्वे के खिलाफ इकलौटे टेस्ट के लिए बांग्लादेश के टेस्ट टीम में चुने गए हैं।

नईम बोले- मैंने पुलिस से कहा कि जरूरत हो तो उनका बैग चेक कर लिया जाए, लेकिन इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने उनका गला पकड़ लिया और जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया। नईम का आरोप है कि उन्हें पीटा गया और अपशब्द कहे गए।
मैंने उन्हें बताया कि मैं नेशनल क्रिकेटर हूं और बांग्लादेश के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलता हूं, लेकिन उन्होंने मेरी बात पर ध्यान नहीं दिया। बाद में जब उन्हें फोन पर मेरे बारे में जानकारी मिली, तभी उनका रवैया बदला।

चटगांव मेट्रोपॉलिटन पुलिस के डिप्टी कमिश्नर अमीरुल इस्लाम ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस की छवि और पेशेवर आचरण से जुड़े मामलों में विभाग की जीरो टॉलरेंस नीति है।

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने घटना पर चिंता जताई है। बोर्ड ने इस मामले को बेहद गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। BCB ने आधिकारिक बयान में कहा- ‘कानून-प्रवर्तन एजेंसियों के कुछ सदस्यों द्वारा नईम हसन के साथ किया गया कथित व्यवहार अस्वीकार्य और अनुचित है।