छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में DRG के जवानों ने नक्सलियों के लकड़ी से बने शहीद स्मारक में आग लगाकर नष्ट कर दिया है। बताया जा रहा है कि, 2 हार्डकोर नक्सलियों की याद में साथी नक्सलियों ने लकड़ी के 2 स्मारक बनवाए थे। सर्चिंग पर निकले जवानों की इसपर नजर पड़ी। जिसके बाद आग लगा दी। इलाके में किसी ठिकाने में नक्सलियों के छिपा कर रखे गए सामान को भी बरामाद किया गया है। मामला धनोरा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, बस्तर में अभी नक्सलियों का TCOC चल रहा है। नक्सलियों के TCOC को देखते बस्तर में पुलिस फोर्स भी अलर्ट है। इसी के तहत नारायणपुर में DRG के जवानों को अंदरूनी इलाकों में सर्चिंग पर निकाला जा रहा है। ऐसा बताया जा रहा है कि, DRG और CAF के जवान जब धनोरा-ओरछा के जंगलों में सर्चिंग करते हुए मलसकट्टा इलाके में पहुंचे यो यहां उनकी नजर नक्सलियों के शहीद स्मारक पर पड़ी।
यह शहीद स्मारक लकड़ी का बना हुआ था। अमूमन नक्सली ईंट-पत्थर का स्मारक बनाते हैं। इस गांव में बने नक्सलियों के स्मारक को देख जवानों ने फौरन दोनों स्मारक में आग लगा दी। स्मारक में आग लगाने की कार्रवाई भी पहली बार ही हुई है। वहीं इलाके की सर्चिंग के दौरान जवानों ने विस्फोटक सामान भी बरामद किया है। ASP हेमसागर सिदार ने बताया कि, जिले के अंदरूनी इलाकों में लगातार सर्चिंग की जा रही है। नक्सल मोर्चे पर जवान मुस्तैद हैं।