CG : कबाड़ माफिया पर पुलिस का शिकंजा, 1.15 करोड़ की संपत्ति जब्त
रायगढ़ जिले में चोरी और अवैध कबाड़ कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई सामने आई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पूंजीपथरा पुलिस ने एक ही दिन में 8 अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 6 ट्रक और 1 माजदा वाहन से करीब 134 टन स्क्रैप जब्त किया है। इसके साथ ही मिनी राइस मिल के पास डंप कर रखे करीब 2 टन मैग्नीज मेटल और पाईलेट गोली लोहा भी बरामद किया गया है। जब्त कबाड़ की कीमत करीब 50 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है, जबकि वाहनों की कीमत लगभग 65 लाख रुपये बताई जा रही है। इस तरह पूरी कार्रवाई में करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये की संपत्ति पुलिस ने जब्त की है।
पुलिस के अनुसार जिले में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अवैध कबाड़ के ठिकानों और संदिग्ध वाहनों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए थे। इसी निर्देश के तहत नवपदस्थ थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए पुलिस टीम को सूचना संकलन में लगाया।
सूचना मिलने के बाद एसएसपी के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने पूंजीपथरा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। तमनार चौक, पूंजीपथरा चौक, दावत ढाबा के सामने मेन रोड और महुआ चौक तुमीडीह में घेराबंदी कर 6 ट्रक और 1 माजदा वाहन को पकड़ा गया। इन वाहनों में लोहे के मशीनरी पार्ट्स, एंगल, छड़ सहित बड़ी मात्रा में स्क्रैप लोड था, जिसे स्थानीय औद्योगिक इकाइयों में खपाने की योजना बताई जा रही है।
पुलिस ने जब वाहन चालकों से स्क्रैप परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे तो वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद चोरी की संपत्ति होने के संदेह में स्क्रैप और वाहनों को जब्त कर वजन कराया गया। इस मामले में सात आरोपियों के खिलाफ थाना पूंजीपथरा में इस्तगासा क्रमांक 13/2026 से 18/2026 तक दर्ज कर धारा 35(क)(ड) BNSS और 303(2) BNS के तहत कार्रवाई की गई है।
इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मिनी राइस मिल, पूंजीपथरा में छापा मारा, जहां प्रियंक देवांगन उर्फ मिनी मौजूद मिला। पुलिस को पहले से सूचना थी कि वह ट्रक चालकों से मैग्नीज मेटल और पाईलेट गोली लोहे की खरीद करता है। मौके पर पुलिस को मैग्नीज मेटल की 43 बोरियां (करीब 1290 किलो) और पाईलेट गोली लोहे की 57 बोरियां (करीब 2 टन 280 किलो) मिलीं। इनकी कीमत करीब 76 हजार 560 रुपये आंकी गई है।
संदेही प्रियंक देवांगन क्रय-विक्रय से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर पुलिस ने चोरी का माल होने के संदेह में सामग्री जब्त कर आरोपी के खिलाफ थाना पूंजीपथरा में इस्तगासा क्रमांक 20/2026 के तहत धारा 35(क)(ड) BNSS / 303(2) BNS में कार्रवाई की है।
