दुर्ग में अफीम तस्करी-अवैध खेती पर पुलिस की कार्रवाई, 3 नए आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग जिले में अफीम की अवैध खेती और तस्करी के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलगांव और कुम्हारी थाना क्षेत्र में अलग-अलग मामलों में तीन नए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से 11 ग्राम अफीम, 670 ग्राम डोडा चूरा, नगद रकम, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और वाहन जब्त किया है।
अब पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। इस मामले में अब तक कुल आठ आरोपी पकड़े जा चुके हैं। पुलिस को पहले से मिले सुराग के आधार पर सिलोदा स्थित राजस्थानी भोजनालय क्षेत्र में दबिश दी गई। यहां से राजस्थान के पिलवा गांव निवासी सुखराम बिश्नोई को पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी की डस्टर गाड़ी की तलाशी ली तो ड्राइवर सीट के नीचे से 670 ग्राम डोडा चूरा मिला। इसके अलावा आरोपी के पास से 18 हजार 540 रुपए नगद, ॉइलेक्ट्रॉनिक तराजू, वाहन के कागजात और ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है। इस मामले में पहले भी कई आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। पुलिस ने विकास बिश्नोई, बीजेपी नेता विनायक ताम्रकार, मनीष उर्फ गोलू ठाकुर और छोटू राम को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद 15 मार्च को रणछोड़ राम उर्फ रणजीत और सुनील देवासी को पकड़ा गया था, जिनके पास से अफीम डोडा और नगद रकम मिली थी। 16 मार्च को मदरूपा राम बिश्नोई को गिरफ्तार कर 42 हजार रुपए जब्त किए गए थे, जो डोडा चूरा बेचकर कमाए गए थे। पूछताछ के दौरान आरोपी विकास बिश्नोई ने बताया था कि सुखराम बिश्नोई भी डोडा चूरा की खरीद-बिक्री करता है। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने सुखराम को पकड़ा।

वहीं कुम्हारी थाना क्षेत्र में भी अफीम तस्करी के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई 17 मार्च को खारुन ग्रीन कॉलोनी से 403 ग्राम अफीम और 14 लाख 46 हजार रुपए के साथ पकड़े गए आरोपी गुरमेल सिंह से मिली जानकारी के आधार पर की गई। पुलिस ने गुरमेल सिंह के मोबाइल की कॉल डिटेल और बैंक लेन-देन की जांच की तो सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आए। इसके बाद 23 मार्च को पुलिस ने शिवप्रसाद कुमार साहू और रेशम सिंह उर्फ पप्पू पाजी को गिरफ्तार कर लिया।

कुम्हारी पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 11 ग्राम अफीम और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार मोबाइल कॉल डिटेल और बैंक ट्रांजेक्शन की मदद से इस नेटवर्क तक पहुंचा गया है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि अफीम कहां से लाई जा रही थी और किन-किन लोगों तक पहुंचाई जा रही थी।