शाहजहांपुर में पुलिस जवानों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, बारातियों को शांत करने पहुंचा था डायल 112

शाहजहांपुर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां झगड़ा शांत कराने गई पुलिस टीम पर ही बारातियों और ग्रामीणों ने हमला कर दिया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटते हुए देखा जा सकता है. घटना शाहजहांपुर के थाना मदनापुर क्षेत्र की है. बताया जा रहा है कि यहां बाहर से एक बारात आई थी. बारात के स्वागत और चढ़ावे के लिए एक घोड़ा-गाड़ी (बग्घी) किराए पर ली गई थी. जब बारात कार्यक्रम स्थल पर पहुंची, तो बग्घी के मालिक और बारातियों के बीच किराए के भुगतान को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते यह मामूली बात बड़े विवाद में बदल गई.

हंगामे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची ताकि मामले को निपटाया जा सके. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की, लेकिन विवाद और गहरा गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान एक सिपाही ने किसी बाराती को थप्पड़ मार दिया. सिपाही की इस कार्रवाई से बाराती और वहां मौजूद ग्रामीण भड़क उठे और उन्होंने पुलिस टीम पर ही हमला बोल दिया.

गुस्साई भीड़ ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाकर वहां से भागना पड़ा. इस छीनाझपटी और मारपीट में पुलिसकर्मियों की वर्दी भी फट गई. घटना का वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसमें कानून के रखवालों की बेबसी साफ नजर आ रही है.

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग ने सख्त रुख अपनाया है. सीओ प्रियांक जैन ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है. इस मामले में 5 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि कई अज्ञात लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज हुआ है. पुलिस ने अब तक तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी की तलाश जारी है.