जापान में 6.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, तेज झटकों के बाद सुनामी की चेतावनी

जापान में भूकंप के बेहद तेज झटके महसूस किए गए हैं। स्थानीय समय के हिसाब से रविवार शाम उत्तरी जापान के तट पर शक्तिशाली भूकंप आया है। इससे इवाते प्रान्त में बड़े नुकसान का अंदेशा जताया जा रहा है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने बताया कि भूकंप की तीव्रता रिएक्टर स्केल पर 6.7 मापी गई, जिसे खतरनाक श्रेणी में रखा जाता है। यह शक्तिशाली भूकंप शाम 5:03 बजे (स्थानीय समयानुसार) आया। भूकंप से हुए नुकसान के बारे में अभी जानकारी सामने नहीं आई है। भूकंप का केंद्र इवाते प्रांत के तट पर समुद्र की सतह से 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। इस दौरान इवाते के कुछ हिस्सों में आए भूकंप की तीव्रता 4 मापी गई। भूकंप के बाद जापान में सुनामी का खतरा मंडरा रहा है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने एक मीटर (तीन फीट) ऊंची सुनामी उठने की चेतावनी जारी की है। इससे स्थानीय लोगों में डर का माहौल है।

जापान उन देशों में शुमार है, जहां दुनिया में सबसे ज्यादा भूकंप आते हैं। प्रशांत महासागर के रिंग ऑफ फायर पर स्थित होने के चलते यहां कई टेक्टोनिक प्लेटें मिलती हैं। इस कारण से जापान में लगातार भूकंप आते रहते हैं। जापान में सुनामी भी कई मौकों पर तबाही मचा चुकी है। सुनामी आने के लिहाज से भी जापान संवेदनशील देश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *