दुर्ग में मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन, 11 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम
दुर्ग जिले में विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची का शुरुआती प्रकाशन कर दिया गया है। अब 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने और गलत जानकारी में सुधार कराने के लिए आवेदन किए जा सकेंगे। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दावा-आपत्ति के आवेदन मतदान केंद्रों पर कार्यालयीन समय में जमा किए जा सकेंगे।
कलेक्टर ने बताया कि दावा-आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी। 1 जनवरी 2027 को 18 साल की उम्र पूरी करने वाले युवा भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के पात्र होंगे। इसके लिए उन्हें निर्धारित फॉर्म भरकर आवेदन करना होगा।
शुरुआती मतदाता सूची के अनुसार, दुर्ग जिले के 6 विधानसभा क्षेत्रों और बेमेतरा जिले के 2 आंशिक विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर कुल 12 लाख 63 हजार 157 मतदाता दर्ज हैं।
इनमें 6 लाख 34 हजार 836 महिलाएं, 6 लाख 28 हजार 280 पुरुष और 41 अन्य मतदाता हैं। इस तरह महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से 6,556 अधिक है।
विधानसभा क्षेत्रों की बात करें तो वैशाली नगर में सबसे ज्यादा 2 लाख 11 हजार 96 मतदाता हैं। वहीं भिलाई विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 1 लाख 28 हजार 42 मतदाता दर्ज किए गए हैं।
आयु वर्ग के हिसाब से 30 से 39 साल के मतदाताओं की संख्या सबसे ज्यादा 3 लाख 60 हजार 419 है। वहीं 20 से 29 साल के 2 लाख 44 हजार 279 मतदाता हैं।
18 से 19 साल के 7,959 युवा मतदाता सूची में शामिल हैं। कलेक्टर ने युवाओं से समय रहते अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने की अपील की।
कलेक्टर ने बताया कि मतदाता सूची में पहली बार नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा। किसी मतदाता का नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और नाम या अन्य जानकारी में सुधार कराने के लिए फॉर्म-8 जमा करना होगा।
इसी फॉर्म के जरिए एक ही विधानसभा क्षेत्र में पता बदलने की जानकारी भी दी जा सकती है। मतदाता घर बैठे भी आवेदन कर सकते हैं।
इसके लिए मतदाता सेवा पोर्टल और मतदाता हेल्पलाइन मोबाइल ऐप की सुविधा उपलब्ध है। किसी तरह की जानकारी या सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
