15 राज्यों में प्री-मानसून बारिश का अलर्ट, यूपी में 100kmph का तूफान, लखनऊ में प्लेटफॉर्म का शेड गिरा
उत्तर प्रदेश, बिहार सहित 15 से ज्यादा राज्यों में शुक्रवार को बारिश का अलर्ट है। मध्य प्रदेश में 6 जिलों में दिन में हीटवेव चलेगी, जबकि शाम को बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं। राजस्थान में 12 जिलों में बारिश हो सकती है। यहां आंधी का भी अलर्ट है। गुरुवार को श्रीगंगानगर में नौतपा के बीच शाम को ओले गिरे, लेकिन यहां दिन का अधिकतम तापमान 47.1°C रहा। यूपी में गर्मी के बजाय बारिश-आंधी का सिलसिला जारी है। शुक्रवार सुबह लखनऊ, प्रयागराज, झांसी और चंदौली में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई। 100kmph की रफ्तार से हवाएं चलीं। हमीरपुर में तूफान के चलते अंडर कंस्ट्रक्शन पुल गिर गया। जिसमें 6 की मौत हो गई। लखनऊ में रेलवे स्टेशन का टिन शेड गिर गया। 2 लोग घायल हुए।
बिहार में आंधी-बारिश के बीच बिजली गिरने से 3 की मौत हो गई। 20 जिलों में दिन में अंधेरा छाया है। लोग गाड़ियों की लाइट जलाकर चल रहे हैं। देश में इस साल सामान्य से कम बारिश होने के आसार हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। IMD के मुताबिक, 2026 में मानसून सीजन में देश में करीब 78 सेंटीमीटर बारिश हो सकती है। हालांकि एक महीने पहले IMD ने 80 सेंटीमीटर बारिश का अनुमान जताया था। 1971-2020 के आंकड़ों के आधार पर देश में औसत बारिश 87 सेंटीमीटर मानी जाती है।
IMD के डिप्टी डायरेक्टर जनरल डॉ. एम. मोहपात्रा ने कहा कि इस साल देश में कुल बारिश लॉन्ग पीरियड एवरेज (LPA) 92% से घटकर करीब 90% रहने का अनुमान है। यह 2018 के बाद सबसे कम है। 2018 में सामान्य के मुकाबले 91% बारिश हुई थी।
