अयोध्या पहुंचीं राष्ट्रपति, रामलला के दर्शन किए, तमिलनाडु से लाए श्रीराम यंत्र का पूजन किया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नवरात्रि के पहले दिन अयोध्या के राम मंदिर पहुंची हैं। उन्होंने रामलला के दर्शन किए। दूसरे फ्लोर पर बने राम दरबार में श्रीराम यंत्र की स्थापना की। उन्होंने राम मंदिर परिसर को भी देखा। राष्ट्रपति को मंदिर निर्माण से जुड़े कार्यों की जानकारी सीएम योगी ने दी। राष्ट्रपति महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचीं और यहां राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और सीएम ने उनका स्वागत किया। अयोध्या में रुकने के बाद दोपहर 3 बजे मथुरा के लिए रवाना होंगी।
मथुरा में राष्ट्रपति इस्कॉन और प्रेम मंदिर में दर्शन करेंगी। 20 मार्च को प्रेमानंद महाराज से मुलाकात करेंगी। रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद राष्ट्रपति का दूसरा अयोध्या दौरा है। इससे पहले वह 1 मई 2024 को अयोध्या आई थीं, तब उन्होंने हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में दर्शन किया था। राष्ट्रपति की यात्रा को देखते हुए अयोध्या को भव्य रूप से सजाया गया है।
राष्ट्रपति #DroupadiMurmu ने श्री राम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन और आरती की और अयोध्या में श्री राम यंत्र स्थापना कार्यक्रम में भाग लिया।@rashtrapatibhvn @UPGovt @myogiadityanath @GovernorofUp #RamJanmbhoomiMandir #RamYantraSthapana pic.twitter.com/0NmmVuLqZ0
— DD News UP (@DDNewsUP) March 19, 2026
कांचीपुरम (तमिलनाडु) स्थित मठ में राम यंत्र को तैयार किया है। इसके बाद इसे कांचीपुरम से तिरुपति (आंध्र प्रदेश) लाया गया। फिर रथयात्रा के जरिए 10 दिन पहले इसे अयोध्या पहुंचाया गया। राम यंत्र का वजन 150 किलो है और इस पर सोने की परत चढ़ाई है। प्रशासन के अनुसार, राष्ट्रपति की यात्रा के दिन ‘वीआईपी दर्शन’ बंद रहेंगे।आम श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश की अनुमति रहेगी। अधिकारियों ने यह भी आश्वासन दिया है कि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
