राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का तीन दिवसीय ब्रज दौरा, प्रेमानंद महाराज संग सत्संग और गिरिराज जी करेंगी परिक्रमा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 मार्च से उत्तर प्रदेश के तीन दिवसीय धार्मिक प्रवास पर रहेंगी. कार्यक्रम की शुरुआत सुबह दिल्ली से अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन और आरती से होगी. इसके बाद वह विशेष विमान और सेना के हेलीकॉप्टर के जरिए मथुरा के मोतीकुंज हेलीपैड पहुंचेंगी. यहां से वह सड़क मार्ग द्वारा वृंदावन प्रस्थान करेंगी, जहां राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और योगी सरकार के वरिष्ठ मंत्री उनकी अगवानी करेंगे. राष्ट्रपति के इस दौरे का उद्देश्य प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन और संतों का सानिध्य प्राप्त करना है. प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं.
दौरे के दूसरे दिन, यानी 20 मार्च को राष्ट्रपति श्री हित राधा केली कुंज पहुंचेंगी. यहां वह सुप्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के साथ सत्संग करेंगी. इसके बाद वह नीम करौली बाबा की समाधि पर मत्था टेकेंगी और उड़िया बाबा आश्रम व दावानल कुंड का भ्रमण करेंगी. राष्ट्रपति वात्सल्य ग्राम भी जाएंगी, जहां वह दीदी मां ऋतम्भरा के सेवा कार्यों का अवलोकन करेंगी. इसी दिन वह रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम अस्पताल में कैंसर मरीजों के लिए नवनिर्मित ऑन्कोलॉजी ब्लॉक का उद्घाटन भी करेंगी, जो ब्रज वासियों के लिए बड़ी सौगात है.
प्रवास के अंतिम दिन, 21 मार्च को राष्ट्रपति गोवर्धन पहुंचेंगी. यहां दानघाटी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के बाद वह ई-कार्ट के माध्यम से गिरिराज जी की सप्तकोसीय परिक्रमा पूर्ण करेंगी. परिक्रमा पूरी करने के बाद वह गोवर्धन के पैंठा हेलीपैड से वापस दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगी. फिलहाल, राष्ट्रपति के आगमन को लेकर नगर निगम मथुरा-वृंदावन मार्गों को सजाने में जुटा है और सुरक्षा एजेंसियों ने रूट मार्च शुरू कर दिया है. इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा ताकि सुरक्षा और यातायात सुचारू रहे.
