पीएम मोदी ओडिशा के पहाड़पुर पहुंचे, राष्ट्रपति के ससुराल गए, आज द्रौपदी मुर्मू का 67वां जन्मदिन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर ओडिशा पहुंचे। पीएम का हेलिकॉप्टर पश्चिम बंगाल के कलाईकुंडा एयरबेस से मयूरभंज जिले के पहाड़पुर हेलीपैड पर पहुंचा। राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मोदी, मुख्यमंत्री माझी के साथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के ससुराल वाले गांव पहाड़पुर पहुंचे। यहां राष्ट्रपति मुर्मू और प्रधानमंत्री एक साथ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 67वां जन्मदिन भी है।

दोपहर 1 बजे पीएम और राष्ट्रपति राज्य में BJP सरकार के दो साल पूरे होने के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान एनर्जी, इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर, सड़क, पीने का पानी, हेल्थ, एजुकेशन, टूरिज्म और सिंचाई से जुड़े ₹47,600 करोड़ से ज्यादा के प्रोजेक्ट का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को ही रायरंगपुर पहुंच गईं। हालांकि खराब मौसम के कारण उनका हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। उन्हें पश्चिम बंगाल के कलाईकुंडा एयरफोर्स स्टेशन से बायरोड मयूरभंज जिले के रायरंगपुर पहुंचना पड़ा। यहां पहुंचकर राष्ट्रपति ने सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में AIIMS भुवनेश्वर में आयोजित एक मेडिकल कैंप का उद्घाटन किया। उन्होंने कुसुमी ब्लॉक में माइनिंग से प्रभावित गांवों के लिए इंटीग्रेटेड रूरल पाइप वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट और ब्रह्मा कुमारी के मातृशक्ति भवन का भी उद्घाटन किया।