दुनिया की सबसे लग्जरी ट्रेन से मथुरा पहुंचीं राष्ट्रपति, बांके बिहारी के दर्शन किए

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु दुनिया की सबसे लग्जरी ट्रेनों में से एक महाराजा एक्सप्रेस से गुरुवार सुबह मथुरा के वृंदावन पहुंचीं। यहां उन्होंने ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद वह श्रीकुब्जा मंदिर और सुदामा कुटी जाएंगी। राष्ट्रपति के साथ उनका पूरा काफिला भी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मंदिर परिसर में पहुंचा। वहां उन्होंने ठाकुर श्री बांके बिहारी जी के दर्शन किए और इत्र सेवा कर स्वयं को धन्य महसूस किया।

मंदिर में सेवायतों ने राष्ट्रपति को ठाकुर जी की लीलाओं और मंदिर के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। राष्ट्रपति ने ध्यानपूर्वक जानकारी सुनी और मंदिर की परंपराओं को जानकर प्रसन्न हुईं। दर्शन के बाद उन्हें प्रसादी भी भेंट की गई। राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रही। भारी संख्या में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे। राष्ट्रपति का मंदिर में जोरदार स्वागत किया गया। सेवायतों ने पारंपरिक तरीके से उनका सम्मान किया और उन्हें ठाकुर जी की विशेष सेवाओं से अवगत कराया।

वृंदावनवासियों ने राष्ट्रपति के आगमन को अपना सौभाग्य बताया। उनका कहना था कि ठाकुर जी की अद्भुत लीलाओं के कारण ही यहां आने वाले हर भक्त का जीवन सफल हो जाता है। लोगों ने कहा कि यह ब्रजभूमि बहुत ही पावन है, जहां स्वयं भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी लीलाएं कीं। इस धाम के दर्शन और सेवा करना हर किसी के नसीब में नहीं होता।

राष्ट्रपति से पहले भी कई बड़े नेता और महान हस्तियां यहां आकर ठाकुर जी के दर्शन कर स्वयं को धन्य मान चुकी हैं। राष्ट्रपति मुर्मू का यह आगमन भी उनके लिए गर्व का विषय बना।