राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहुंचीं रायपुर, लोकभवन में जारी करेंगी ₹200 का स्मारक सिक्का
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर राजधानी रायपुर में सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां तेज हैं। 22 अक्टूबर को राष्ट्रपति रायपुर में माता हासी देवी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेंगी। इसके बाद वे ‘सेवा सम्मान पर्व’ और ‘युवा प्रबोधन’ कार्यक्रम में शामिल होंगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित प्रदेश के कई प्रमुख नेता राष्ट्रपति की अगवानी के लिए एयरपोर्ट पहुंचे। वहीं, काफिले की आवाजाही के दौरान शहर के कई मार्गों पर यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। दौरे के दूसरे दिन राष्ट्रपति जगदलपुर के मुरिया दरबार में शामिल होंगी।
राष्ट्रपति के स्वागत के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचे। उनके साथ उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और मंत्री राजेश अग्रवाल भी मौजूद रहे। वीआईपी दौरे के मद्देनजर प्रशासनिक अमला और पुलिस विभाग सुरक्षा प्रबंधों में जुटे हैं।
