यूपी के 70 हजार प्राथमिक शिक्षकों का होगा प्रमोशन, चुनाव से पहले मिली हरी झंडी

दिवाली से पहले उत्तर प्रदेश के हजारों शिक्षकों को सरकार की तरफ से बड़ा तोहफा मिल सकता है. बेसिक शिक्षा विभाग में काम करने रहे 70 हजार से ज्यादा शिक्षकों का प्रमोशन करने की तैयारी हो रही है. पिछले करीब 10 सालों से ये हजारों शिक्षक अपने प्रमोशन का इंतजार कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि इस पूरी प्रक्रिया को हरी झंडी मिल चुकी है और विधानसभा चुनाव से पहले इन शिक्षकों को प्रमोशन का तोहफा मिल सकता है. यूपी बेसिक शिक्षा परिषद के तहत आने वाले इन हजारों शिक्षकों का प्रमोशन पिछले 10 सालों से पेंडिंग है. कानूनी और प्रशासनिक चीजों के चलते हर बार इसमें अड़ंगा लगता था, लेकिन इस बार प्रमोशन का पूरा प्रोसेस वक्त पर पूरा करने के निर्देश जारी हुए हैं. अगर सब कुछ सही रहा तो एक ही पद पर पिछले कई सालों से काम कर रहे शिक्षकों को बड़ी राहत मिल सकती है. प्रमोशन होने के साथ ही उनकी सैलरी में भी इजाफा होगा.

प्रमोशन का प्रोसेस पूरा होने के बाद प्राइमरी स्कूलों में सहायक अध्यापक के तौर पर काम करने वाले टीचर्स को प्रिंसिपल या फिर जूनियर बेसिक स्कूलों में सहायक अध्यापक बनाया जा सकता है. इसी तरह जूनियर स्कूलों में काम करने वाले टीचर्स को भी प्रमोशन देकर प्रिंसिपल या दूसरे बड़े पद पर प्रमोट किया जाएगा. प्राथमिक शिक्षकों के प्रमोशन में पिछले कई सालों से वरिष्ठता सूची की अड़चन आ रही थी. अब इसे ठीक करने के लिए पूरे प्रोसेस को डिजिटल किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि जिला स्तर पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ही आखिरी लिस्ट तैयार करेंगे और इसके बाद आपत्तियां भी मांगी जाएंगीं. आखिर में प्रमोशन की लिस्ट जारी होगी.

यूपी में प्राथमिक शिभकों के कुल 12405 पदों पर भर्ती निकाली गई है, जिसके लिए आवेदन शुरू हो चुके हैं. 15 अक्टूबर तक इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं. हालांकि यूपी के लाखों युवा इस भर्ती का इंतजार कर रहे थे, ऐसे में उनकी मांग है कि भर्ती में पदों की संख्या को दोगुना किया जाना चाहिए. इसके लिए लगातार प्रदर्शन भी किया जा रहा है.