प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय मलेशिया दौरे पर रवाना हुए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (शनिवार) दो दिवसीय मलेशिया दौरे पर रवाना हो गए हैं। यह दौरा 8 फरवरी तक चलेगा, PM मोदी मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के निमंत्रण पर जा रहे हैं। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस विजिट उद्देश्य दोनों देशों के बीच रक्षा, सुरक्षा और आर्थिक संबंधों को मजबूत करना है। पीएम मोदी ने रवाना होने से पहले अपने बयान में कहा कि भारत मलेशिया के साथ रक्षा और सुरक्षा संबंधों को बढ़ावा देने के साथ-साथ आर्थिक और नवाचार साझेदारी को भी मजबूत करना चाहता है।

पीएम मोदी ने दिल्ली से रवाना होते हुए इस विजिट को दोनों देशों की दोस्ती के लिए खास बताया है। इस दौरे में रक्षा क्षेत्र पर खास फोकस रहेगा। भारत मलेशिया को डॉर्नियर विमान बेचने की पेशकश कर सकता है। साथ ही, मलेशिया की स्कॉर्पीन पनडुब्बियों और सुखोई-30 लड़ाकू विमानों के रखरखाव में सहायता देने पर भी चर्चा संभव है। ये समझौते दोनों देशों की ‘कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप’ को और मजबूत करेंगे।

पीएम मोदी का यह कदम भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ के तहत इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में मलेशिया को खास भागीदार बनाने की दिशा में है। बतादें भारत और मलेशिया के बीच राजनयिक संबंध 1957 में स्थापित हुए, वहीं PM मोदी का ये तीसरा मलेशिया दौरा है। इससे पहले 2015 में उनके दौरे के दौरान संबंधों को ‘एन्हांस्ड स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप’ का दर्जा मिला था। अगस्त 2024 में मलेशियाई पीएम अनवर इब्राहिम के भारत दौरे के दौरान संबंधों को ‘कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप’ का स्तर दिया गया, जिसके बाद ये मोदी की पहली विजिट है।