प्रिंसिपल बना हैवान! महिला टीचर को बेरहमी से पीटा, प्राइवेट पार्ट्स पर मारे मुक्के, कपड़े फाड़ने की कोशिश भी की
मध्य प्रदेश के ग्वालियर के एक सरकारी कॉलेज की महिला टीचर को पीटने का आरोप है. आरोपी किसी और पर नहीं बल्कि कॉलेज के प्रिंसिपल पर है. आरोपी प्रभारी प्राचार्य का नाम आदर्श पंडित है. एमएड की ट्रेनिंग ले रही टीचर का आरोप है कि कॉलेज परिसर में प्राचार्य आदर्श पंडित ने उन्हें बुरी तरह पीटा. आरोपी ने उनके मुंह, छाती और प्राइवेट पार्ट्स पर मुक्के मारे. उनके बाल खींचे और कपड़े फाड़ने तक की कोशिश की. हमले में घायल होकर वह गिर गईं. वह रोती रहीं. मदद की गुहार लगाती रहीं. उनके मुंह से खून निकल रहा था. थोड़ा होश संभालने के बाद उन्होंने 112 को कॉल कर पुलिस को बुलाया. पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपों की जांच शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित शिक्षिका मुरैना जिले में माध्यमिक शिक्षक हैं. एमएड की डिग्री के लिए उन्हें ट्रेनिंग लेनी थी लेकिन कॉलेज प्रबंधन ने प्रशिक्षण देने से इनकार कर दिया. इसके बाद उन्होंने कोर्ट का रुख किया. अदालत के आदेश के बाद उन्हें उसी कॉलेज में ट्रेनिंग की परमिशन मिली. इसी के चलते आदर्श पंडित उनसे नाराज चल रहा था.
पीड़िता ने पुलिस को दिए शिकायती आवेदन में बताया कि वह सरकार के निर्देशानुसार ऑनलाइन अटेंडेंस लगा रही थीं. ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं लेकिन प्रभारी प्राचार्य आदर्श पंडित रजिस्टर में अटेंडेंस दर्ज करने का दबाव बनाते थे. घटना वाले दिन प्रभारी प्राचार्य ने उन्हें अपशब्द कहे और धमकी दी. आरोपी यहीं नहीं रुका, उसने उनके मुंह, छाती और प्राइवेट पार्ट्स पर घूंसे मारे. लातों से पीटा. उनके बाल खींचे और कपड़े फाड़ने की कोशिश की. चोटिल होने के बाद वह जमीन पर गिर गईं. मौके पर किसी ने वीडियो बना लिया, जिसमें शिक्षिका रोती हुई नजर आ रही हैं. उनके मुंह से खून निकल रहा है.
शिक्षिका ने बताया कि किसी तरह खुद को संभालकर उन्होंने पुलिस को फोन किया. उन्होंने पुलिस को आपबीती सुनाई लेकिन आरोपी के खिलाफ केवल मारपीट का मामला दर्ज किया गया. उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है. पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपी प्राचार्य के खिलाफ पूर्व में भी महिला उत्पीड़न से जुड़े कुछ मामले सामने आ चुके हैं. पीड़िता ने यह भी कहा कि कोर्ट के आदेश के बाद उनकी ट्रेनिंग शुरू हुई. इस दौरान उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा. उनके साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया गया. विभिन्न स्तरों पर दबाव बनाया गया.
पीड़ित शिक्षिका मंगलवार को अपने पति के साथ ग्वालियर पुलिस अधीक्षक के कार्यालय पहुंचीं. उन्होंने लिखित शिकायत देकर आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. उन्होंने एसपी को दिए शिकायती आवेदन में बताया कि पुलिस थाने में सिर्फ उनके साथ मारपीट का मामला दर्ज किया गया. एसपी ने फाइल हजीरा थाने के प्रभारी को भेज दी है. सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार ने इस बारे में कहा कि पीड़ित शिक्षिका के आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.
