सेंट्रल-जेल की जलती भट्ठी में कूदकर कैदी ने जान दी, डबल मर्डर केस में उम्रकैद काट रहा था
बिलासपुर की हाई सिक्योरिटी जेल से एक दिल दहला देने वाली खबर आई है. छत्तीसगढ़ की इस सबसे बड़ी जेल में बुधवार शाम करीब 4 बजकर 15 मिनट पर एक कैदी ने जलती भट्ठी में कूदकर अपनी जान दे दी. इस घटना के बाद जेल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और सायरन बजाकर अधिकारियों को सूचित किया गया. मृतक की पहचान 46 साल के राहुल उर्फ विकेश कंवर के रूप में हुई है. वह चांपा का निवासी था और साल 2014 से बिलासपुर सेंट्रल जेल में बंद था. राहुल डबल मर्डर के एक मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था. वह पिछले 10 साल से अपनी सजा भुगत रहा था.
जेल परिसर में लकड़ियों से गैस बनाने के लिए एक गैसीफायर प्लांट लगाया गया है. इस गैस का उपयोग जेल की रसोई में कैदियों का भोजन पकाने के लिए किया जाता है. बुधवार को जब प्लांट की भट्ठी चालू थी, तब राहुल अचानक वहां पहुंचा और देखते ही देखते जलती भट्ठी में कूद गया. वहां मौजूद जेल कर्मी जब तक उसे बचाने का प्रयास करते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जेल अधिकारियों से जानकारी ली. FSL और पुलिस की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं. कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि बंदी किचन में लगे गैसीफायर में कूद गया और फिलहाल मामले की जांच जारी है.
बिलासपुर सेंट्रल जेल को छत्तीसगढ़ की सबसे सुरक्षित जेलों में से एक माना जाता है. इसके बावजूद इस घटना ने सुरक्षा इंतजामों को कठघरे में खड़ा कर दिया है. यह जेल पहले भी मारपीट, संदिग्ध मौत, मोबाइल और नशे का सामान मिलने जैसी घटनाओं के कारण विवादों में रही है.
