प्रियंका चोपड़ा ने अमृतसर के गोल्डन टेंपल में टेका माथा, लंगर हॉल में धोए जूठे बर्तन, VIDEO
बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक अपनी धाक जमाने वाली प्रियंका चोपड़ा जोनास इन दिनों अपनी एक वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। प्रियंका हाल ही में पंजाब के अमृतसर स्थित पवित्र स्वर्ण मंदिर (गोल्डन टेंपल) पहुंचीं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उनकी यह यात्रा किसी अपकमिंग शूट का हिस्सा थी या वे व्यक्तिगत शांति की तलाश में वहां गई थीं, लेकिन उनके ‘सेवा भाव’ ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। अक्सर रेड कार्पेट पर अपने ग्लैमरस लुक से सुर्खियां बटोरने वाली प्रियंका यहां बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आईं। पीच कलर के साधारण सूट में, सिर पर दुपट्टा ओढ़े प्रियंका ने श्री दरबार साहिब में माथा टेका और आशीर्वाद लिया। उनकी इस सादगी ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं और उनके चाहने वालों का दिल जीत लिया।
#WATCH पंजाब: अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने अमृतसर स्थित श्री दरबार साहिब (स्वर्ण मंदिर) में अरदास की और सेवा की। pic.twitter.com/lCJfnB2jfu
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 31, 2026
स्वर्ण मंदिर की परंपरा के अनुसार, प्रियंका ने न केवल अरदास में हिस्सा लिया, बल्कि लंगर हॉल में जाकर सेवा भी की। वायरल वीडियो में उन्हें अन्य संगत के साथ जमीन पर बैठकर जूठे बर्तन साफ करते देखा जा सकता है। प्रियंका काफी समय तक वहां रुकीं और आम लोगों की तरह ही श्रद्धा के साथ सेवा में जुटी रहीं। श्री गुरु ग्रंथ साहिब के आगे शीश नवाने के बाद वे बिना मीडिया से बात किए शांतिपूर्वक वहां से रवाना हो गईं।
प्रियंका के फैंस ने उनके इस जेस्चर की जमकर सराहना की। यूजर्स का कहना है कि सात समंदर पार रहने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता पाने के बाद भी प्रियंका अपनी जड़ों और भारतीय संस्कृति से जुड़ी हुई हैं।
