विवेक ओबेरॉय से धोखाधड़ी मामले में प्रोड्यूसर संजय शाह गिरफ्तार

मनोरंजन

नवाजुद्दीन सिद्दीकी स्टारर फिल्म ‘हड्डी’ के प्रोड्यूसर संजय शाह को गिरफ्तार कर लिया गया है। संजय पर बॉलीवुड एक्टर विवेक ओबेरॉय के साथ फिल्म निर्माण को लेकर डेढ़ करोड़ रुपए की धोखाधड़ी करने के आरोप हैं। मुंबई पुलिस के परिमंडल-10 के DCP दत्ता नलावडे ने संजय की गिरफ्तारी कन्फर्म की।

बांद्रा हॉलिडे कोर्ट ने संजय को एक दिन की रिमांड पर भेज दिया है। बॉम्बे हाईकोर्ट में विवेक ओबेरॉय से धोखाधड़ी के मामले पर सुनवाई भी चल रही है। मामले की अगली सुनवाई 16 अक्टूबर को होगी।

संजय ने फंड्स का किया गलत यूज: DCP
भास्कर से खास बातचीत करते हुए DCP दत्ता नलावडे ने बताया कि विवेक ओबेरॉय ने तीन लोगों के साथ मिलकर आनंदिता एंटरटेनमेंट नाम से कंपनी शुरू की थी। इस कंपनी के फंड्स का संजय ने गलत तरीके से यूज किया है। इसका रिकॉर्ड ना मेंटेन करते हुए उन्होंने पैसों का गलत यूज भी किया।

विवेक की तरफ से नहीं आया कोई रिएक्शन
दत्ता ने बताया कि इन्वेस्टिगेशन अभी जारी है। इस मामले में फिलहाल संजय को ही गिरफ्तार किया गया है पर आगे तीन और लोगों को गिरफ्तार किया जा सकता है। वहीं खबर लिखे जाने तक भास्कर ने विवेक से भी संपर्क करने की कोशिश की। उन्हें मैसेज और कॉल किया गया लेकिन उनका अब तक इस मामले पर कोई रिवर्ट नहीं आया है।