गाजियाबाद में गला दबाकर प्रोफेसर दामाद की हत्या, एक साल पहले दूसरे समुदाय की युवती से की थी लव मैरिज
टीला मोड़ थाना क्षेत्र में ससुरालियों ने भनेड़ा गांव की पुलिया पर प्रोफेसर दामाद की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्यारोपित शव सड़क किनारे फेंक कर चले गए। प्रोफेसर ने एक वर्ष पहले दूसरे समुदाय की युवती से प्रेम विवाह किया था। पत्नी नौ माह की गर्भवती है। पति से विवाद होने पर पत्नी मायके चली गई थी। दोनों का फैसला कराने की बात कहकर ससुराल पक्ष के लोग प्रोफेसर को घर से बुलाकर ले गए थे। मृतक के भाई ने दो नामजद समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस दो आरोपितों को गिरफ्तार कर अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है। गीतांजली विहार निवासी नितिन कुमार (32) रिस्तल स्थित एक स्कूल में प्रोफेसर थे। वहां बागपत नवादा गांव पूरन पुर निवासी मुस्कान पढ़ने आती थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए। मई 2025 में दोनों ने शादी कर ली। शादी से मुस्कान के स्वजन खुश नहीं थे। मुस्कान नौ माह की गर्भवती है। रविवार को खाना बनाने के दौरान नितिन और मुस्कान में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। जिसके बाद मुस्कान अपने मायके चली गई। 30 मार्च को शाम करीब छह बजे ससुरालियों ने नितिन को फोन कराकर दोनों के बीच फैसला कराने की बात कही।
साथ ही उसे बंथला फाटक के पास बुलाया। वह नितिन, भाई अमित और पड़ोस में रहने वाली ताई सुमित्रा को लेकर बंथला फाटक पर पहुंचे। जहां ससुर मेहरुद्दी, चचिया ससुर आसिफ अली और एक अन्य युवक सेंट्रो कार में उनका इंतजार कर रहे थे। तीनों लोग कार में बैठ गए। अमित कुमार ने बताया कि ससुरालियों ने नितिन को बताया कि मुस्कान भनेड़ा गांव में है। भनेड़ा जाकर दोनों की बात कराएगे। वह कार को सुनसान रास्ते से ले जाने लगे।
नितिन ने इसका विरोध किया, लेकिन वह नहीं माने उन्होंने कार रुकवाई और ताई को वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार के साथ घर भेज दिया। आरोप है कि तीनों ने दोनों भाईयों पर हमला कर दिया। अमित ने किसी प्रकार भाग कर जान बचाई लेकिन नितिन को उन्होंने पकड़ लिया। अमित ने बताया कि वह किसी प्रकार जान बचाकर वहां से निकल सके। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस को लेकर वह भनेड़ा गांव की पुलिया पर पहुंचे। जहां नितिन बेसुध अवस्था में पडे़ हुए थे। पुलिस उन्हें उपचार के लिए पास के निजी अस्पताल लेकर पहुंची। चिकित्सकों ने उन्हें दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया।
जीटीबी अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेज दिया। अमित ने ससुर, चचिया ससुर और तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसीपी शालीमार अतुल कुमार सिंह ने बताया कि ससुर महरुद्दीन और चचिया ससुर आसिफ अली को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीम गठित की गई हैं। जल्द ही फरार आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन के सुपुर्द कर दिया। वारदात से गुस्साए स्वजन लोनी भोपुरा रोड पर लेकर पहुंचे। उन्होंने शव लोनी थाना क्षेत्र में बंथला फ्लाई ओवर के पास शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। लोगों की मांग थी कि आरोतपतों की जल्द गिरफ्तारी की जाए।
मृतक की बहु और सास के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत किया। साथ ही आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। जानकारी मिलने पर हिन्दू रक्षा दल के प्रदेश संयोजक अमित प्रजापति मौके पर पहुंचे।
उन्होंने लोगों को बताया कि दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। वह आरोपितों को थाने में देखकर आए हैं। जिसके बाद लोग शांत हो गए। लोगों ने शव रोड से हटा दिया। करीब आधा लगे जाम से भोपुरा रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। शव हटाने के करीब एक घंटे बाद यातायात सुचारू हो सका।
