पाकिस्तान में इमरान समर्थक हजारों प्रोटेस्टर गिरफ्तार…

अंतरराष्ट्रीय

पाकिस्तान में इमरान खान की रिहाई के लिए प्रोटेस्ट कर रहे प्रदर्शनकारियों का काफिला राजधानी इस्लामाबाद की ओर बढ़ रहा है। रविवार को इमरान खान की अपील पर प्रदर्शन शुरू हुआ था। इमरान ने इस प्रोटेस्ट को ‘फाइनल कॉल’ नाम दिया है। प्रदर्शन रोकने के लिए पुलिस ने 4 हजार से ज्यादा इमरान समर्थकों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें 5 सांसद भी शामिल हैं। इस बीच पाकिस्तान में चल रहे प्रोटेस्ट को दुनियाभर से समर्थन मिल रहा है। दुनिया के 60 से ज्यादा शहरों में PTI समर्थक इमरान खान की रिहाई के लिए मांग कर रहे हैं। PTI ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कनाडा, अमेरिका, ब्रिटेन के कई शहरों से प्रदर्शन की तस्वीरें साझा की हैं।

पाकिस्तान में बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको के दौरे को देखते हुए शहबाज शरीफ सरकार ने पहले से ही सुरक्षा इंतजाम पुख्ता कर रखे हैं। राजधानी इस्लामाबाद आने वाली मुख्य सड़कों को कंटेनर के जरिए 23 नवंबर को ही बंद कर दिया गया था। हजारों पुलिस कर्मियों को भी तैनात किया गया है। कई इलाकों में मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं सस्पेंड कर दी गई हैं। इमरान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) और समर्थक 3 मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। मांग है कि इमरान खान और PTI कार्यकर्ताओं की जल्द रिहाई की जाए। इसके अलावा 2024 में हुए चुनाव के नतीजों को मानना और पाकिस्तानी संसद में पास अदालतों की ताकत कम करने वाले 26वें संविधान संशोधन एक्ट को वापस लेना।