भोपाल की सड़कों पर घूम रहा साइको किलर, ब्लेड से करता है हमला, अब तक 4 लड़कियों को बना चुका शिकार

भोपाल में ‘साइको किलर’ की दहशत फैल गई है. यह आरोपी ब्लेड से हमला कर अब तक चार लड़कियों को घायल कर चुका है, लेकिन अभी तक पुलिस पकड़ नहीं पाई है. पिछले चार दिनों से पुलिस की पकड़ से बाहर है. इसके चलते कई इलाकों में लोग खौफ के साए में जीने को मजबूर हैं. सोशल मीडिया पर लड़कियों को अकेले बाहर न निकलने की अपील की जा रही है.

राजधानी के कल्पना नगर, सोनागिरी, इंद्रपुरी, नरेला शंकरी, मिनाल रेजिडेंसी और भवानी धाम इलाकों में इन दिनों डर का माहौल है. लोगों ने बताया कि एक अज्ञात युवक, जिसे लोग अब ‘साइको किलर’ कह रहे हैं बाइक से आता है चेहरे पर न तो डर न ही किसी प्रकार का मास्क अचानक पीछे से ब्लेड से हमला करता है. लड़की को पास बुलाने का इशारा करता है और हंसते हुए मौके से आराम से फरार हो जाता है. अब तक चार लड़कियां इस हमले में घायल हो चुकी हैं. सभी घटनाएं रात के समय हुई हैं, जब लड़कियां अकेले घर से बाहर निकली थीं. घटनाओं के बाद से इलाके में पुलिस गश्त तो बढ़ी है, लेकिन आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है.

स्थानीय रहवासियों का कहना है कि इन वारदातों के बाद से परिजन अपनी बेटियों को अकेले बाहर भेजने से डर रहे हैं. पहले कभी हमारे यहां ऐसा नहीं हुआ है. हमारी बच्चियां दहशत में हैं. आज हमारी बेटी के साथ ये घटना हुई है कल किसी की भी बेटी के साथ ये वारदात हो सकती है. पुलिस से हमारी अपील है कि जल्द से जल्द आरोपी को पकड़ा जाए.

एडिशनल डीसीपी का कहना है कि हमारी 25 से ज्यादा टीमें बनाई गई हैं जिससे हजारों CCTV फुटेज की जांच जारी है. अपराधी किस्म के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. जल्द ही आरोपी हमारी गिरफ्त में होगा. फिलहाल प्रशासन की अपील है कि लड़कियां अकेले बाहर न निकलें और संदिग्ध दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *