पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड का पाकिस्तान में खात्मा, आतंकी हमजा बुरहान को अज्ञात हमलावरों ने मारी गोली
पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड आतंकी हमजा बुरहान को पाकिस्तान में अज्ञात शख्स ने गोली मार दी है. सूत्रों के मुताबिक हमले में इस आतंकी की मौत हो गई है. आतंकी हमजा बुरहान को पाकिस्तान के मुजफ्फराबाद में गोली मारी गई है. मुजफ्फराबाद पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में है. आतंकी हमजा बुरहान 2019 में पुलवामा में हुए आतंकी हमले के मास्टरमाइंड में से एक था. ये शख्स पाकिस्तान में खुद को टीचर बताता था. पुलवामा हमला 14 फरवरी 2019 को हुआ था. जब आतंकियों ने सेना के काफिले को निशाना बनाया था. इस आतंकी हमले में 40 से ज्यादा जवान शहीद हो गए थे.
जानकारी के मुताबिक आतंकी हमजा बुरहान को अज्ञात शख्स ने मुजफ्फराबाद में गोली मारी. ये घटना तब हुई जब ये आतंकी पाक अधिकृत कश्मीर स्थित अपने ऑफिस में बैठा हुआ था. इस दौरान कुछ लोग यहां पहुंचे और आतंकी हमजा को कई गोलियों से छलनी कर दिया. इस हमले में उसकी वहीं मौत हो गई.
हमजा बुरहान पुलवामा हमले के साजिशकर्ताओं में शामिल था. वह खुद को पाकिस्तान में टीचर बताता था. साथ ही 2019 के बाद से कई आतंकी घटनाओं में शामिल रहा था. वह पीओके के इलाके में कई आतंकी संगठनों को ट्रेनिंग दे रहा था. साथ ही बॉर्डर इलाके में वह आतंकियों को घुसपैठ कराने में मदद करता था.
पुलवामा हमले का बदला लेने के लिए भारत ने ऑपरेशन बालाकोट अंजाम दिया था और पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों के अड्डे को तबाह कर दिया था.
14 फरवरी 2019 को दोपहर करीब 3:15 बजे जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर एक भयानक आतंकी हमला हुआ. पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी और स्थानीय कश्मीरी युवक आदिल अहमद डार ने 300-350 किलो IED से भरी SUV को CRPF के काफिले की एक बस में घुसा दिया. इसमें 40 CRPF जवान शहीद हो गए और कई घायल हुए. यह 1989 के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों पर सबसे घातक हमला था. जैश-ए-मोहम्मद ने हमले की जिम्मेदारी ली थी.
हमले के 12 दिन बाद 26 फरवरी 2019 को भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बालाकोट स्थित जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी ट्रेनिंग कैंप पर सर्जिकल एयर स्ट्राइक किया. इसमें बड़ी संख्या में आतंकी मारे गए.
