पुणे बिल्डर मौत केस, मंगेतर ने हत्या की, प्रेमी के साथ 400 फीट गहरी खाई में धक्का दिया, दोनों गिरफ्तार
पुणे के ट्रेकर और बिजनेसमैन केतन विशाल अग्रवाल की मौत के मामले में बड़ा खुसाला हुआ है। पुलिस ने मंगलवार को उसकी मंगेतर सिया गोयल (20) और उसके प्रेमी चेतन चौधरी (22) को गिरफ्तार किया। दोनों पर प्लानिंग के तहत केतन की हत्या का आरोप है। केतन 18 जून को अपने मंगेतर के साथ ट्रेकिंग पर गए थे। बाद में उनका शव खाई से बरामद हुआ था। पुलिस के अनुसार, सिया और उसे प्रेमी ने पुणे के लोहागढ़ किले से केतन को करीब 400 फीट गहरी खाई में धक्का दिया था। बाद में इसे हादसा बताने की कोशिश की। केतन पुणे जिले के गहुंजे के रहने वाले थे और परिवार के रियल एस्टेट कंपनी में डायरेक्टर थे। वहीं सिया पुणे के एक मसाला व्यापारी की बेटी है। दोनों की इस साल राजस्थान के उदयपुर स्थित एक पैलेस में शादी होने वाली थी।
पुणे ग्रामीण पुलिस के एसपी संदीप सिंह गिल के अनुसार, केतन 18 जून की सुबह अपनी मंगेतर के साथ उसका प्री-बर्थडे सेलिब्रेट करने के लिए लोहागढ़ किले पर गए थे। सुबह करीब 10:30 बजे वे खाई में गिरे। सिया ने लोनावला ग्रामीण पुलिस को बताया था कि केतन ट्रेकिंग के दौरान तेज हवा में फोटो खींच रहे थे। इस दौरान उनका पैर फिसल गया। स्थानीय लोगों, पुलिस और रेस्क्यू टीम ने उसी दिन केतन का शव बरामद कर लिया था।
शुरुआत में पुलिस ने बताया था कि केतन लोहागढ़ किले पर तेज हवा के बीच फोटो खींचते समय खाई में गिर गए। मंगेतर ने बताया था कि केतन का पैर फिसल गया और वह खाई में गिर गए। उसके बयान के आधार पर पुलिस ने आकस्मिक मौत (ADR) का मामला दर्ज किया था। हालांकि, मौत की परिस्थितियां संदिग्ध लग रही थीं। जांच में पता चला कि केतन और सिया की शादी इसी साल नवंबर में शाही अंदाज में होने वाली थी। दोनों के परिवारों ने शादी की तैयारियां भी शुरू कर दी थीं। दोनों की शादी के लिए राजस्थान के उदयपुर में एक पैलेस बुक किया गया था। मेहमानों के लिए दो चार्टर्ड प्राइवेट विमान की व्यवस्था भी की गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शादी पर करीब 17 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान था।
पुलिस के अनुसार, जांच में पता चला कि सिया गोयल का पुणे के कोंढवा निवासी चेतन चौधरी के साथ प्रेम संबंध था। सिया, केतन से शादी नहीं करना चाहती थी और उसे लगता था कि केतन उसके और चेतन के रिश्ते में रुकावट बन गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों ने मिलकर केतन की हत्या की साजिश रची। प्लानिंग के तहत सिया, केतन को घूमने के बहाने लोहागढ़ किले पर ले गई। बाद में चेतन को भी वहां बुलाया गया। इसके बाद दोनों ने केतन को किले से नीचे धक्का दे दिया।
शक के आधार पर स्थानीय क्राइम ब्रांच ने चेतन को हिरासत में लिया। चेतन से पूछताछ के बाद सिया गोयल को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि केतन के पिता विशाल अग्रवाल की शिकायत पर मंगलवार को हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया गया।
