IPL में आज पंजाब Vs दिल्ली, कैपिटल्स के पास हिसाब बराबर करने का मौका, पिछला मैच हारी थी

IPL 2026 में सोमवार को 55वां मैच पंजाब किंग्स (PBKS) और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। मुकाबला धर्मशाला के HPCA स्टेडियम में शाम 7.30 बजे से होगा। यह दिल्ली के पास पंजाब से हिसाब बराबर करने का मौका भी है। उसे पिछले मुकाबले में पंजाब के खिलाफ 6 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी। दिल्ली टूर्नामेंट में 11 में से 8 मैच हार चुकी है। अब अगर वह एक भी मैच हारी तो प्लेऑफ की रेस से बाहर हो जाएगी। पंजाब फिलहाल पॉइंट्स टेबल में 8वें स्थान पर है। टूर्नामेंट की शुरुआत में अजेय रही पंजाब किंग्स भी दबाव में है। टीम पिछले 3 मैच हारकर आ रही है। ऐसे में उसके सामने वापसी की चुनौती रहेगी।

दोनों टीमों के बीच अब तक 35 मैच खेले गए हैं। PBKS ने 18 और DC ने 16 मैच जीते हैं। एक मैच टाई रहा, जिसे पंजाब ने जीता। पिछले सीजन का मुकाबला भी पंजाब ने जीता था। पंजाब किंग्स के लिए टूर्नामेंट का दूसरा हाफ उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। टीम की सबसे बड़ी समस्या खराब फील्डिंग और डेथ ओवर्स में रन लुटाना है। ओपनर प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह भी पिछले कुछ मैचों से खामोश हैं।

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हार के बाद अय्यर ने कहा था, ‘हमारी इस टूर्नामेंट की शुरुआत काफी बेहतर थी। हर खिलाड़ी सही माइंडसेट में था। अब जरूरी है कि हम उसी मानसिकता पर टिके रहें।’ कूपर कोनोली सीजन में पंजाब के टॉप स्कोरर और अर्शदीप सिंह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने संकेत दिए हैं कि टीम अब अगले सीजन की तैयारी पर ध्यान दे रही है। KKR से हार के बाद अक्षर ने कहा था कि बेंच में बैठे खिलाड़ियों को मौका दिया जा सकता है।

दिल्ली के बैटर्स धीमी और टर्निंग पिचों पर नाकाम रहे हैं। कुलदीप की खराब फॉर्म ने मुश्किलें बढ़ाई हैं। केएल राहुल दिल्ली के लिए सबसे अधिक रन बनाने वाले बैटर और कप्तान अक्षर टॉप विकेट टेकर हैं।