IPL में आज पंजाब vs गुजरात, न्यू चंडीगढ़ में दूसरी बार होगा सामना

IPL का चौथा मुकाबला आज पंजाब किंग्स (PBKS) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खेला जाएगा। मैच न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। जबकि टॉस शाम 7 बजे होगा। गुजरात टाइटंस का यह पांचवां सीजन होगा। टीम ने 2022 में अपने डेब्यू सीजन में ही खिताब जीता था, जबकि पिछले सीजन वह चौथे स्थान पर रही। वहीं पंजाब किंग्स को अब भी अपने पहले खिताब का इंतजार है। टीम पिछले सीजन रनर-अप रही थी। IPL में पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच अब तक 6 मुकाबले हुए हैं, दोनों टीमों ने 3-3 मैच जीते हैं। IPL 2025 में दोनों की एक भिड़ंत में पंजाब ने गुजरात को 11 रन से हराया था। न्यू चंडीगढ़ में दोनों टीमें एक बार भिड़ीं, जिसमें गुजरात ने पंजाब को 3 विकेट से हराया।

पंजाब की टीम इस सीजन भी काफी मजबूत दिखाई दे रही है। टॉप ऑर्डर में प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह की ओपनिंग जोड़ी से एक बार फिर टीम को अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। नंबर तीन की पोजिशन कप्तान श्रेयस अय्यर संभालेंगे। मिडिल ऑर्डर में नेहल वढेरा और शशांक सिंह होंगे। मार्कस स्टोयनिस, मार्को यानसन और अजमतुल्लाह ओमरजई बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान देंगे।

गुजरात टाइटंस को इस सीजन भी साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल के बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद होगी। हालांकि, जोस बटलर का हालिया फॉर्म टीम के लिए चिंता की बात है। ग्लेन फिलिप्स फॉर्म में हैं। ऑलराउंडर्स में वॉशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर और राहुल तेवतिया जैसे बड़े नाम शामिल हैं। कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, ईशांत शर्मा और ल्यूक वुड की मौजूदगी में टीम का पेस अटैक दमदार दिख रहा है। वहीं, स्पिन डिपार्टमेंट की कमान राशिद खान के हाथों में होगी, जिनका साथ साई किशोर और सुंदर देंगे।