हापुड़ में 16 क्विंटल मिलावटी खोया बरामद, SMP मिलाकर तैयार किया गया था माल, JCB से गड्ढे में दबाया
उत्तर प्रदेश के हापुड़ में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की टीम ने मिलावटी खोया बनाने के मामले में कार्रवाई की है. विभाग को सूचना मिली थी कि जिले के लालपुर गांव में बड़े पैमाने पर खोया तैयार किया जा रहा है. इस सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त चंद्रशेखर मिश्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. वहां जांच के दौरान टीम को तैयार किया गया भारी मात्रा में खोया मिला.
अधिकारियों के मुताबिक, मौके पर करीब 16 क्विंटल खोया तैयार मिला था. शुरुआती जांच में सामने आया कि इसे स्किम्ड मिल्क पाउडर (SMP) के मिश्रण से बनाया गया था. खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके से खोये के चार सैंपल भी एकत्र किए हैं. इन नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि खोये की गुणवत्ता और उसमें मिलाए गए पदार्थों की पुष्टि की जा सके.
खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके पर मिले पूरे स्टॉक को नष्ट कराने का फैसला लिया. इसके लिए JCB मशीन की मदद से जमीन में गड्ढा खुदवाया गया और करीब 16 क्विंटल खोये को उसमें दबवा दिया गया.
विभाग के मुताबिक, नष्ट कराए गए इस खोये की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 20 हजार रुपये थी. यह कार्रवाई 4 नवंबर को की गई.
इस कार्रवाई को लेकर FSDA के सहायक आयुक्त चंद्रशेखर मिश्रा ने बताया कि विभाग को लालपुर गांव में खोया बनाए जाने की सूचना मिली थी. टीम जब वहां पहुंची तो खोया तैयार हो चुका था.
उन्होंने बताया कि करीब 16 क्विंटल खोया मिला, जिसे SMP के मिश्रण से तैयार किया गया था. टीम ने चार नमूने लेने के बाद पूरे स्टॉक को JCB से खुदवाए गए गड्ढे में दबवा दिया.
