राफेल नडाल ऑस्ट्रेलियन ओपन 2024 में खेलेंगे, पिछले साल इसी टूर्नामेंट में हुए थे चोटिल

खेल

स्पेन के टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल ऑस्ट्रेलियन ओपन 2024 में खेलेंग। नडाल करीब एक साल बाद चोट से वापसी कर रहे हैं। इसकी जानकारी ऑस्ट्रेलियन ओपन ने अपने वेबसाइट पर दी है। ऑस्ट्रेलियन ओपन ने गुरुवार, 7 दिसंबर को साल के पहले ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट जारी की है।

इस लिस्ट में नडाल के अलावा जापान की नाओमी ओसाका का नाम भी है। वो भी लंबे समय से टेनिस मैदान से दूर थीं। ऑस्ट्रेलियन ओपन 2024 की शुरुआत 14 जनवरी से हो रही है, जिसका फाइनल 28 जनवरी को खेला जाएगा। टूर्नामेंट में करीब 200 खिलाड़ी (मेंस और विमेंस) हिस्सा लेंगे।

नडाल जनवरी, 2023 में ऑस्ट्रेलियन ओपन के दूसरे दौर से बाहर हो गए थे। उन्हें सीधे सेटों में हार मिली थी। मैकेंजी मैकडोनाल्ड ने नडाल को 6-4, 6-4, 7-5 से हराकर तीसरे दौर में प्रवेश किया था। इसी मैच के दौरान नडाल चोटिल हो गए थे। वो तब से टेनिस से दूर थे। 37 साल के नडाल ऑस्ट्रेलियन ओपन से पहले ब्रिस्बेन इंटरनेशनल टेनिस टूर्नामेंट में भी हिस्सा लेंगे, जो 31 दिसंबर 2023 से शुरू होगा और 7 जनवरी 2024 को इसका फाइनल खेला जाएगा।

चार बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन ओसाका ने सितंबर 2022 के बाद से कोई मैच नहीं खेला है। वो आखिरी बार 2022 में टोक्यो में पैन पैसिफिक ओपन में खेली थीं। बीमार होने की वजह से वो इस टूर्नामेंट से बीच में ही हट गई थीं। 26 साल की ओसाका जनवरी 2023 में घोषणा की कि वह मां बनने वाली हैं और जुलाई में उन्होंने बेटी शाई को जन्म दिया। ओसाका 2019 और 2021 में ऑस्ट्रेलियन आपने चैंपियन बनी थीं।

ऑस्ट्रेलियन ओपन साल का पहला ग्रैंड स्लैम होता है। लॉन टेनिस एसोसिएशन ऑफ ऑस्ट्रेलिया ने इस टूर्नामेंट को 1905 में शुरू किया था, जिसे पहले ऑस्ट्रेलियन चैंपियनशिप कहा जाता था। बाद में लॉन टेनिस एसोसिएशन ऑफ ऑस्ट्रेलिया टेनिस ऑस्ट्रेलिया बन गया। इसके बाद ऑस्ट्रेलियन चैंपियनशिप को ऑस्ट्रेलियन ओपन नाम दे दिया गया। 1969 से इस टेनिस टूर्नामेंट को आधिकारिक तौर पर ऑस्ट्रेलियन ओपन के नाम से जाना जाने लगा।