पीएम आवास के करीब राहुल-प्रियंका धरने पर, कई कांग्रेसी नेता हिरासत में

नई दिल्ली में छात्रों पर हुई कथित कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च कर धरना-प्रदर्शन किया. प्रदर्शन में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पवन खेड़ा, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, दीपेंद्र हुड्डा और कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए. प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाब मांगने के लिए उनके आवास तक मार्च कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने एक दिन पहले छात्रों के साथ बर्बरता की, लेकिन न तो इसकी जिम्मेदारी लेना चाहती है और न ही इस मुद्दे पर संसद में चर्चा कराना चाहती है.

राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में कहा, ‘हम कल छात्रों के साथ हुई बर्बरता पर प्रधानमंत्री मोदी से जवाब मांगने उनके घर तक मार्च कर रहे हैं. सरकार न तो जवाबदेही तय करना चाहती है और न ही संसद में इस मुद्दे पर बहस कराना चाहती है. प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को देश के युवाओं का भविष्य बर्बाद करने के लिए इस्तीफा देना चाहिए.’

कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन के दौरान छात्रों के साथ हुई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग की और सरकार पर युवाओं की आवाज दबाने का आरोप लगाया. वहीं, सरकार की ओर से इस प्रदर्शन पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई.