शिंदे के विधायक बोले- राहुल की जीभ काटने वाले को इनाम, संजय गायकवाड़ ने कहा- 11 लाख दूंगा

राष्ट्रीय

महाराष्ट्र के बुलढाणा से विधायक संजय गायकवाड़ ने राहुल गांधी को लेकर विवादित बयान दिया है। संजय ने आज सोमवार को कहा, ‘राहुल गांधी पिछड़ों, आदिवासियों का आरक्षण खत्म करना चाहते हैं। उन्हें इसका इनाम मिलेगा, जो भी राहुल की जीभ काटेगा उसे 11 लाख रुपए दिए जाएंगे।’ संजय ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में संविधान खतरे में होने का फर्जी नैरेटिव सेट कर वोट हासिल किए। आज वे आरक्षण खत्म करने की बात कर रहे हैं। कांग्रेस पिछड़े वर्ग, ओबीसी और आदिवासियों का आरक्षण खत्म करना चाहती है। राहुल गांधी पिछले दिनों अमेरिका दौरे पर थे। भारत में आरक्षण कब तक चलेगा, इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा था, “कांग्रेस तभी आरक्षण खत्म करने के बारे में सोचेगी, जब देश में सभी को समान अवसर मिलने लगेंगे। फिलहाल भारत में ऐसी स्थिति नहीं है।” राहुल गांधी के इस बयान पर देशभर में उनका विरोध हुआ था। हालांकि, राहुल गांधी ने कहा था कि उनके बयान का गलत मतलब निकाला गया।

महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि वह विधायक की टिप्पणी का समर्थन नहीं करते। भाजपा राज्य में शिवसेना सरकार एक हिस्सा है।

राहुल ने वॉशिंगटन डीसी में कहा था- कांग्रेस आरक्षण खत्म करने के बारे में तब सोचेगी, जब सही समय होगा। जब आप वित्तीय आंकड़ों को देखते हैं, तो आदिवासियों को 100 रुपए में से 10 पैसे मिलते हैं, दलितों को 100 रुपए में से 5 रुपए मिलते हैं और OBC को भी लगभग इतनी ही रकम मिलती है।