‘ये राष्ट्रविरोधी बिल, भारत का चुनावी नक्शा बदलने की कोशिश…’, राहुल गांधी ने सरकार की नीयत पर उठाए सवाल

लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पर चर्चा हो रही है. इस बिल पर विपक्ष के नेता राहुल गांधी बोल रहे हैं. राहुल गांधी जब बोलने के लिए खड़े हुए, स्पीकर ने उनसे पूछा कि हाथ में क्या हुआ. स्पीकर के सवाल पर विपक्ष के नेता ने कहा कि चोट लग गई है सर. अंगूठे में चोट लग गई है. इसके बाद राहुल गांधी ने अपनी बात शुरू की. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय परिदृश्य में महिलाएं सेंट्रल फोर्स होती हैं. हम सभी के जीवन में मां-बहन के रूप में महिलाएं हैं. उन्होंने अपनी बहन प्रियंका गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि कल जब वह स्पीच दे रही थी, पांच मिनट में वह किया जो मैं 20 साल में नहीं कर पाया. अमित शाह के चेहरे पर स्माइल आ गई.

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा है कि पहला सच तो ये है कि ये महिला आरक्षण बिल नहीं है. महिला आरक्षण बिल तो 2023 में पारित हो चुका. उन्होंने कहा कि ये बिल देश का चुनावी नक्शा बदलने की कोशिश है. यह बिल एससी-एसटी और ओबीसी के खिलाफ है, उनके अधिकार छीनने का एजेंडा है. सरकार डरी हुई है. ये काम असम और जम्मू कश्मीर में कर चुके हैं, अब सरकार यही पूरे देश में करना चाहती है. इस बिल का महिला सशक्तिकरण से कोई मतलब नहीं है. आप सत्ता हथियाने की कोशिश में हैं. ये बिल राष्ट्रविरोधी है. हम सरकार को ये नहीं करने देंगे. दक्षिण और उत्तर भारत के साथ भेदभाव हो रहा है. दलित और आदिवासी की भागीदारी कम हो रही है.