उत्तर प्रदेश की रायबरेली और अमेठी सीट को कांग्रेस और खासतौर से गांधी परिवार का गढ़ माना जाता है। अब पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी राज्यसभा का रुख कर चुकी हैं। वहीं, राहुल गांधी को लेकर कहा जा रहा है कि वह इस बार सिर्फ एक ही सीट वायनाड से ही चुनाव लड़ेंगे। हालांकि, इसे लेकर ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी यानी AICC की तरफ से कुछ नहीं कहा गया है।
सोनिया गांधी के राजस्थान से राज्यसभा नामांकन करने के साथ ही अब रायबरेली सीट को लेकर चर्चाएं तेज हैं। कहा जा रहा है कि अब इस सीट पर प्रियंका गांधी वाड्रा लोकसभा चुनाव लड़कर डेब्यू कर सकती हैं। फिलहाल, इसे लेकर भी कांग्रेस या प्रियंका ने खुलकर कुछ नहीं कहा है। 2004 से 2019 तक रायबरेली सीट से सोनिया गांधी ने चार बार जीत हासिल की है।
भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाले NDA के खिलाफ तैयार विपक्षी गठबंधन INDIA अब तक सीट शेयरिंग फॉर्मूला तय नहीं कर सका है। सीपीआई सीट शेयरिंग के दौरान वायनाड सीट पर नजर रख सकती हैं। पार्टी ने लोकसभा की ऐसी चार सीटों में वायनाड को भी रखा है, जहां से वे चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि, अब तक यह साफ नहीं है कि वाम दल ने अब तक कांग्रेस से इस संबंध में चर्चा की या नहीं।