राहुल गांधी को संभल जाने की इजाजत नहीं, गाजियाबाद बॉर्डर से लौट रहे दिल्ली

राष्ट्रीय

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कांग्रेसी प्रतिनिधिमंडल को संभल जाने की इजाजत नहीं दी गई। संभल के लिए निकले कांग्रेसी सांसद ने गाजीपुर में रोके जाने के बाद करीब पौने दो घंटे तक प्रशासन के समक्ष आगे जाने की मांग रखी। उनकी मांग को नहीं माना गया। इसके बाद राहुल गांधी ने वापस लौटने का फैसला लिया। इस दौरान राहुल गांधी अपनी गाड़ी के सनरूफ से बाहर निकल कर कहा कि हमारे नेता प्रतिपक्ष के संवैधानिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है। संविधान की किताब को हाथ में लिए राहुल गांधी ने कहा कि सरकार संविधान के नियमों का पालन नहीं कर रही है। वहीं, प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि राहुल गांधी एक संवैधानिक पद पर हैं। उनके अधिकारों को छीना जा रहा है।

राहुल गांधी ने गाजीपुर बॉर्डर से वापसी के फैसले के बाद मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हम संभल जाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पुलिस इजाजत नहीं दे रही है। विपक्ष के नेता के तौर पर जाना मेरा अधिकार है। इसके बाद भी वे मुझे रोक रहे हैं। मैंने कहा कि मैं अकेले जाने को तैयार हूं। मैं पुलिस के साथ जाने को तैयार हूं। इसके बाद भी हमें इजाजत नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि हम संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई लड़ते रहेंगे। गाजीपुर में यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार की नो-एंट्री को राहुल गांधी आखिरकार नहीं भेद पाए। अब राहुल गांधी और प्रियंका गाधी गाजीपुर बॉर्डर से संसद की कार्यवाही में भाग लेने जा रहे हैं।